टोंक जिले की निवाई तहसील के ग्राम नोहटा स्थित साध्वी नाथीबाई जिन्दबाबा आश्रम में नवनिर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर धार्मिक उत्साह चरमोत्कर्ष पर है। आगामी 1 मई 2026 से 3 मई 2026 तक आयोजित होने वाले इस त्रिदिवसीय भव्य समारोह में माँ वैष्णो देवी, चौथमाता, श्रीराम दरबार, शिव पंचायत एवं बाबा रामदेव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसी पावन निमित्त साध्वी नाथीबाई के सानिध्य में आज प्रातः 9:30 बजे श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था ट्यूरिष्ट बस द्वारा जम्मू-कश्मीर स्थित माँ वैष्णो देवी धाम कटरा से पावन ज्योति लेने हेतु नोहटा से हर्षोल्लास के साथ रवाना हुआ।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह समिति के सह संयोजक दशरथ सिंह जी नोहटा के नेतृत्व में रवाना हुए इस दल में रामकल्याण जी पूनियां, डॉ. देवेंद्र कुमार जी शर्मा, ज्ञानजी, जंसीलाल जी, देवेंद्र जी करिरिया, रामराज जी, कुमाराम जी, पोकर जी, छगन सिंह जी, रामस्वरूप जी, बाबूलाल जी स्वामी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हैं। यात्रा मार्ग में जत्थे के बौंली पहुँचने पर स्थानीय अंबेडकर सर्किल पर धर्मप्रेमियों द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया। यहाँ ओमप्रकाश डंगोरिया, राजेन्द्र जांगिड़, मोनू पुरी गौस्वामी, मुकन्दा माली, विजयकुमार, राजेश सैनी, घनशयाम माली एवं अजय कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने माँ वैष्णो देवी के जयघोष के साथ आगंतुक श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर भावभीनी अगवानी की।

बौंली में उपस्थित जनसमूह ने श्रद्धापूर्वक माता की ज्योति लाने जा रहे श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना की। नोहटा के जिन्दबाबा आश्रम में होने वाला यह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम न केवल क्षेत्र की धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि इस भव्य यात्रा ने संपूर्ण परिक्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया है। माँ वैष्णो देवी के दरबार से आने वाली यह पावन ज्योति आगामी मई माह में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगी, जो क्षेत्र में सुख, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story