गंगापुर सिटी। निकटवर्ती ग्राम पंचायत महुकला स्थित ताजपुर रोड पर संचालित मिलन मैरिज गार्डन में श्री एन एन शर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। यह गरिमामयी कार्यक्रम दो विशिष्ट चरणों में संपन्न हुआ, जिसमें ट्रस्ट के सेवा कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ भावी योजनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के प्रथम चरण में क्षेत्र के समस्त मीडिया बंधुओं का पचरंगा दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया गया और ट्रस्ट की ओर से सभी पत्रकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह और मीडिया को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी विनोद शर्मा ने भावुक स्वर में अपने मार्गदर्शक शिक्षाविद् स्वर्गीय नित्य नारायण शर्मा जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्व. शर्मा जी ने वर्ष 1973 में राजस्थान शिक्षा विभाग को अपनी जीविका का माध्यम बनाया था और कर्तव्य निर्वहन के साथ-साथ आजीवन बेसहारा लोगों की सेवा को ही अपना परम लक्ष्य माना। शिक्षा विभाग में कार्यरत रहते हुए उन्होंने सैकड़ों परित्यक्ता, विधवा महिलाओं और आश्रितों की दिन-रात निस्वार्थ मदद कर उनके परिवारों को संबल प्रदान किया। विनोद शर्मा ने दृढ़ संकल्प दोहराया कि ट्रस्ट उन्हीं के बताए सेवा मार्ग पर चलने हेतु कटिबद्ध है और पूर्ण विश्वास जताया कि इस पुनीत कार्य में ईश्वर सदैव सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा एवं उपाध्यक्ष नेत्रपाल मीणा द्वारा मुख्य ट्रस्टी घनश्याम मिश्र 'लवली' की उपस्थिति में भगवान गणेश एवं श्री एन एन शर्मा जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। आयोजन के दूसरे चरण में ट्रस्ट द्वारा हाल ही में आयोजित शिविरों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनमें टेंट व्यवस्था हेतु प्रदीप सैनी, फोटोग्राफी हेतु अशोक छान, अंजलि लैब से हरी शंकर, एलईडी हेतु पुष्पेंद्र सैनी, साउंड व्यवस्था हेतु सोनू सैनी और मिलन गार्डन के बत्ती लाल सैनी का विशेष सम्मान किया गया। इसी क्रम में ट्रस्ट के सुचारू संचालन एवं उद्देश्यों की पूर्ति हेतु ग्यारह सदस्यीय टीम की आधिकारिक घोषणा की गई, जिसमें शैलेंद्र शर्मा, नेत्रपाल मीणा, तेणसिंह सिंह जाटव, ऋषि गुर्जर, घनश्याम मिश्र, रूप सिंह सैनी, हेमेंद्र शर्मा एडवोकेट, अनिल नेता, मुकेश बंजारा, अरुण शाक्यवार और शोभना शर्मा को सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर बद्री लाल महावर, विजय वर्मा, राम किशन शाक्यवार, मनमोहन बजाज, राजेश आचार्य, सचिन शर्मा और शोभना शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने ट्रस्ट के सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Next Story