नेशनल मीन्स कम मैरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) वर्ष 2026-27 के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन अब तक जिले में केवल 50 प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों के ही एनएसपी पोर्टल पर ऑनलाइन होने को जिला शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता ने जिले के सभी राजकीय विद्यालयों के संस्थाप्रधानों को 31 अगस्त तक सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन ऑनलाइन करवाने और उनका सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि एनएमएमएस परीक्षा 2025 उत्तीर्ण कर कक्षा 9 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को नवीन आवेदन करना है। वहीं कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को नवीनीकरण आवेदन करना होगा।

उन्होंने बताया कि बार-बार स्मरण कराने के बावजूद जिले में अभी तक केवल 50 प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों के आवेदन ही एनएसपी पोर्टल पर ऑनलाइन हुए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी संस्थाप्रधानों को अपने विद्यालय में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन 31 अगस्त तक पूर्ण करवाने के साथ उनका सत्यापन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं होने के कारण यदि कोई पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रहता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित संस्थाप्रधान की होगी। उन्होंने सभी राजकीय विद्यालयों के संस्थाप्रधानों से पात्र विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में 31 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन और सत्यापन पूरा कराना विद्यालय स्तर पर अनिवार्य होगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story