बाबा हरदेव सिंह जी की स्मृति में समर्पण दिवस का आयोजन
संत निरंकारी मिशन द्वारा गंगापुर सिटी में बाबा हरदेव सिंह जी की शिक्षाओं को याद करते हुए सत्संग और श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।

गंगापुर सिटी में आयोजित समर्पण दिवस के दौरान सत्संग भवन में बाबा हरदेव सिंह जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए श्रद्धालु।
आध्यात्मिक चेतना, भक्ति और मानवता के दिव्य संदेश से परिपूर्ण वातावरण में संत निरंकारी मिशन द्वारा युग दृष्टा बाबा हरदेव सिंह जी की स्मृति में संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल समालखा में भक्तिपूर्ण समागम का आयोजन किया गया। परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजापिता जी के सानिध्य में आयोजित इस समागम में लाखों श्रद्धालुओं ने सतगुरु के पावन दर्शन कर अमृतमय प्रवचनों का श्रवण किया तथा आत्मिक शांति, आनंद और दिव्य प्रेरणा का अनुभव प्राप्त किया।
इसी क्रम में गंगापुर सिटी बायपास रोड स्थित सत्संग भवन की भूमि पर 13 मई बुधवार को बाबा हरदेव सिंह जी की सिखलाईयों से प्रेरणा लेते हुए उनकी स्मृति में समर्पण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में बूंदी से आए ज्ञान प्रचारक प्रमोद जी ने श्रद्धालु भाई-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी ने प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश देकर समाज को मिलजुलकर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि गुरुसिख सुख-दुख, मान-अपमान और भेदभाव से ऊपर उठकर समान भाव से जीवन व्यतीत करता है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भाई-बहनों ने गीतों, विचारों और कविताओं के माध्यम से बाबा हरदेव सिंह जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। संपूर्ण आयोजन मुखी बहन पुष्पा रानी जी की देखरेख में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने अपने आशीष वचनों में फरमाया कि बाबा जी का संपूर्ण जीवन मानवता सेवा और प्रेम भक्ति का दिव्य उदाहरण रहा। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मानव जीवन का प्रत्येक क्षण सार्थक होना चाहिए तथा हर पल इंसानियत, करुणा और मानवीय मूल्यों का प्रमाण प्रस्तुत करना चाहिए।
सतगुरु माता जी ने अमर संत अवनीश जी के समर्पित जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चा समर्पण वही है, जिसमें सेवा का भाव केवल विचारों तक सीमित न रहकर व्यवहार और प्राथमिकताओं में भी स्पष्ट दिखाई दे। उन्होंने आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति सेवा, सिमरन और सत्संग को अपनी प्राथमिकता बनाए तथा हर हृदय निरंकार में समर्पित होकर प्रेम, शांति और मानवता बांटने का सशक्त माध्यम बने।
कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं के बीच आध्यात्मिक ऊर्जा, सेवा भावना और मानवता के संदेश को नई मजबूती प्रदान की।
सपना लखवानी
मीडिया सहायक, ब्रांच गंगापुर सिटी
6367834922

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
