विद्यालय स्टाफ की पहल से निमली खुर्द और रानीला स्कूलों के विकास को मिली नई रफ्तार
निमली खुर्द और रानीला के सरकारी स्कूलों के विकास के लिए स्टाफ ने सहयोग राशि दी। राज्यांश से विद्यालयों को कुल 2.50 लाख रुपए मिलेंगे।

तस्वीर में विद्यालय स्टाफ अधिकारियों को सहयोग राशि का चेक सौंपते हुए दिख रहे हैं।
जिले में शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों के कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में खंडार ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निमली खुर्द के भौतिक विकास के लिए विद्यालय स्टाफ ने आगे बढ़कर 60 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की है।
विद्यालय स्टाफ द्वारा विद्यालय विकास के लिए उपलब्ध कराई गई सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य राम सिंह मीणा एवं विद्यालय स्टाफ ने सहयोग राशि का चेक सीडीईओ देवी लाल मीणा एवं एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा को सौंपा।
एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा ने कहा कि स्थानीय समुदाय और विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव हो रहे हैं। जनसहयोग से विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
कार्यक्रम अधिकारी (नवाचार प्रकोष्ठ) हेमराज मीना के अनुसार, निमली खुर्द विद्यालय से प्राप्त 60 हजार रुपए के जनसहयोग पर 90 हजार रुपए राज्यांश सहित कुल 1 लाख 50 हजार रुपए की राशि प्राप्त होगी। इस राशि से विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर एवं कंप्यूटर प्रिंटर क्रय किए जाएंगे।
इसी क्रम में राउमावि रानीला (बामनवास) के भौतिक विकास के लिए विद्यालय स्टाफ ने 40 हजार रुपए की राशि एकत्रित कर उक्त राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता योजना में जमा करवाया। इस 40 हजार रुपए के जनसहयोग पर 60 हजार रुपए राज्यांश सहित कुल 1 लाख रुपए की राशि विद्यालय को प्राप्त होगी। इससे विद्यालय में मरम्मत कार्य, इनवर्टर बैटरी सहित अन्य भौतिक विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इस दौरान एपीसी समसा योगेश मीणा, विद्यालय स्टाफ से जसराज चौहान, भरोस लाल मीणा, धर्म सिंह गुर्जर तथा आशा मीणा इत्यादि उपस्थित रहे। विद्यालय स्टाफ की इस जनभागीदारी से निमली खुर्द और रानीला के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी और योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध राशि का उपयोग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में किया जाएगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
