अब आभा आईडी और क्यूआर कोड से बनेंगे डिजिटल मेडिकल सर्टिफिकेट, फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने एनएचपीआर पोर्टल पर डिजिटल मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने की सुविधा शुरू की है। अब आभा आईडी, मोबाइल ओटीपी और डिजिटल हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र बनेंगे, जबकि क्यूआर कोड से सत्यापन आसान होगा।

सवाई माधोपुर में डिजिटल मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने नेशनल हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स रजिस्ट्री (एनएचपीआर) पोर्टल पर नई तकनीकी सुविधा शुरू की है। इसके तहत अब एलोपैथी डॉक्टर मरीज की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) और उससे जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से डिजिटल मेडिकल सर्टिफिकेट जारी कर सकेंगे। प्रत्येक प्रमाण पत्र पर क्यूआर कोड अंकित होगा, जिससे प्रमाण पत्र के सत्यापन की प्रक्रिया आसान होगी और सरकारी व निजी अस्पतालों से जारी होने वाले फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत डॉक्टर अपने हेल्थकेयर प्रोफेशनल आईडी या पंजीकृत मोबाइल नंबर से एनएचपीआर पोर्टल पर लॉगिन करेंगे। इसके बाद मेडिकल सर्टिफिकेट का विकल्प चुनकर मरीज की आभा आईडी या मोबाइल नंबर दर्ज करेंगे। मरीज के मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से उसकी पहचान का सत्यापन किया जाएगा। ओटीपी दर्ज करते ही मरीज का पूरा व्यक्तिगत विवरण प्रमाण पत्र के फॉर्म में स्वतः दर्ज हो जाएगा।
इसके बाद डॉक्टर बीमारी का कारण, छुट्टी के दिन, प्रमाण पत्र की प्रभावी तिथि और अन्य आवश्यक टिप्पणियां दर्ज करेंगे। प्रमाण पत्र जारी करने के लिए डॉक्टर अपने आधार विवरण के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षर की पुष्टि करेंगे। ई-साइन की प्रक्रिया पूरी होते ही डिजिटल मेडिकल सर्टिफिकेट तैयार हो जाएगा। प्रत्येक प्रमाण पत्र पर क्यूआर कोड होने से उसके सत्यापन में भी सुविधा मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि एनएचपीआर पोर्टल पर आभा आईडी के माध्यम से डिजिटल मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने की व्यवस्था से पारदर्शिता आएगी। पोर्टल पर पंजीकृत डॉक्टरों को इस प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
नई तकनीकी सुविधा के माध्यम से मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने और उनके सत्यापन की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जा रहा है। इससे प्रमाण पत्रों की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने और फर्जी प्रमाण पत्रों से जुड़ी समस्याओं पर नियंत्रण की दिशा में मदद मिलेगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
