सवाई माधोपुर, 18 दिसम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सवाई माधोपुर में पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) के अंतर्गत व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, वन विभाग एवं राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने “बढ़ता राजस्थान—हमारा राजस्थान” की संकल्पना को साकार करते हुए सतत विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का स्पष्ट संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से हुई, जहां उपवन संरक्षक (सामाजिक वानिकी) सुनील कुमार एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने पर्यावरण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध, उसके दुष्परिणामों तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने का आह्वान किया गया। इसी क्रम में “सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प अपनाएं” विषयक पोस्टर का विमोचन किया गया तथा आमजन को कपड़े के थैले वितरित कर व्यवहारिक बदलाव की प्रेरणा दी गई।

पर्यावरण के प्रति नवाचार को प्रोत्साहित करते हुए प्रदूषण मुक्त परिवहन के उद्देश्य से ‘पर्यावरण वाहिनी’ के रूप में एक इलेक्ट्रिक वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर राजकीय कार्यालयों में सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्पों से संबंधित पोस्टर चस्पा कर कार्यालय परिसरों को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील की गई।

रैली से पूर्व उपवन संरक्षक सुनील कुमार ने विद्यार्थियों, नागरिकों एवं अधिकारियों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण की शपथ दिलाई। जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए मानटाउन क्लब पर संपन्न हुई, जहां प्रतिभागियों और नागरिकों को प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कपड़े के थैले वितरित किए गए और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का आग्रह किया गया।

मिशन लाइफ को शैक्षणिक स्तर पर सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उच्च माध्यमिक विद्यालय, साहू नगर, सवाई माधोपुर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। रणथम्भोर बाघ परियोजना के मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक शारदा प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग, क्विज, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली की शपथ दिलाकर कपड़े के थैले वितरित किए गए।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी बलजीत मीना, स्काउट सचिव महेश सेजवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल राज्य सरकार की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, बल्कि समाज के हर वर्ग को प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता का संदेश भी देता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story