सवाई माधोपुर, 13 नवम्बर।

लोकतंत्र की जड़ें तभी सुदृढ़ होती हैं जब प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। इसी उद्देश्य के तहत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) में सवाई माधोपुर जिले में मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य को गति मिल रही है। जिलेभर के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने गुरुवार सांय 5 बजे तक 9 लाख 26 हजार 236 गणना प्रपत्र (ईएफ) वितरित कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में फिलहाल 10 लाख 54 हजार 343 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदाताओं की सुविधा और बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए अब जिले में 1164 मतदान केन्द्र क्रियाशील हैं, जिनमें से 189 नए केन्द्रों को इस बार जोड़ा गया है।

विधानसभावार आंकड़ों में गंगापुर सिटी में 2 लाख 37 हजार 135, बामनवास में 2 लाख 31 हजार 794, सवाई माधोपुर में 2 लाख 37 हजार 814 तथा खण्डार में 2 लाख 19 हजार 493 मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। इस प्रकार जिले के करीब 87.85 प्रतिशत मतदाताओं को परिगणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।

एसआईआर कार्यक्रम के तहत 81 हजार 400 से अधिक गणना प्रपत्र मतदाताओं से वापस एकत्र कर ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे अब तक लगभग 8 प्रतिशत मतदाताओं के विवरण डिजिटाइज हो चुके हैं। इस प्रक्रिया में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं बीएलओ लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और मतदाताओं के घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत 1 जनवरी 2026 को पात्रता तिथि मानते हुए सभी 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के भारतीय नागरिक, जो किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत नहीं हैं, के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने गणना प्रपत्र भरें और लोकतंत्र की मजबूती में सहभागी बनें। उन्होंने स्पष्ट किया कि 4 दिसंबर तक गणना प्रपत्र जमा करने की अवधि में किसी भी मतदाता से दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे।

मतदाता अपने नाम और विवरण की पुष्टि https://voters.eci.gov.in/

पर कर सकते हैं या अपने संबंधित बीएलओ, तहसील स्तर पर ईआरओ या एईआरओ से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से भी सहायता ली जा सकती है।

काना राम ने कहा कि लोकतंत्र की असली शक्ति तभी उजागर होती है जब हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने मताधिकार के प्रति सजग रहें, प्रविष्टियों की जांच करें, आवश्यक सुधार कराएं और आने वाले चुनावों में सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र को और मजबूत बनाएं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story