सवाई माधोपुर, 30 नवम्बर। जिले में डेजर्ट सफारी और एडवेंचर पर्यटन के नए अवसरों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रविवार को जिला कलक्टर काना राम ने डीएफओ (सामाजिक वानिकी) सुनील कुमार के साथ बौंली उपखंड क्षेत्र में संभावित डेजर्ट सफारी रूट का स्थल निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान अधिकारी दल ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, रेत के विशाल टिब्बे, जैव विविधता और वन्यजीवों के प्राकृतिक चिन्हों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

जिला कलक्टर और डीएफओ ने अल सुबह गोल से गोठड़ा नटणी के दाता क्षेत्र तक पैदल ट्रैकिंग की, जिसमें बौंली किले से स्थानीय कस्बे तक का मार्ग शामिल था। इस दौरान कलक्टर ने वन क्षेत्र की स्थानीय विशेषताओं, प्रजातियों, वन्यजीव गतिविधियों और संभावित पर्यटन की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों की विस्तृत जानकारी ली। डीएफओ सुनील कुमार ने पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीव सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्यटन मार्ग पर आवश्यक उपायों पर भी प्रकाश डाला।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि “बौंली वनक्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता, रेत के टिब्बों और जैव विविधता के कारण रोमांचक डेजर्ट सफारी और एडवेंचर ट्रैकिंग के लिए अत्यंत उपयुक्त है। यह परियोजना न केवल क्षेत्र के पर्यटन विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय आजीविका संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक सिद्ध होगी।”

निरीक्षण दल में क्षेत्रीय वन अधिकारी बौंली गोकलराम मीना, फॉरेस्टर भूपेन्द्र सिंह जादौन, वनरक्षक कैलाश यादव, विष्णु शर्मा, हीरालाल गुर्जर, सीमा मीना, छोटी देवी, वनमित्र बनवारी शर्मा, कैलाश रैगर और राजू पठान सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।

इस निरीक्षण के परिणामस्वरूप बौंली क्षेत्र में डेजर्ट सफारी प्रोजेक्ट को शीघ्र साकार करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। इस पहल से सवाई माधोपुर न केवल राजस्थान के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान बनाएगा, बल्कि स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story