NEET 2026 पेपर लीक मामले में सुमीत गर्ग ने सरकार और व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. सुमीत गर्ग ने नीट परीक्षा में बार-बार हो रही धांधली के लिए सरकारी तंत्र और पेपर लीक माफिया की मिलीभगत को जिम्मेदार ठहराया।

राजस्थान कांग्रेस के महासचिव डॉ. सुमीत गर्ग ने नीट 2026 परीक्षा में धांधली के आरोपों के बीच पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की है।
NEET 2026 परीक्षा का रद्द होना महज एक शैक्षणिक सत्र की बाधा नहीं, बल्कि केंद्र की मोदी सरकार की चरमराती व्यवस्था, भारतीय जनता पार्टी की सरकारों की विफलता और पेपर लीक माफियाओं के साथ उनकी गहरी सांठगांठ का सीधा पर्दाफाश है। देश की सबसे प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शुमार NEET का वर्ष 2016, 2021, 2024 और अब 2026 में लगातार लीक होना इस कड़वे सच का प्रमाण है कि भाजपा के शासनकाल में छात्रों का भविष्य और परीक्षाओं की शुचिता कतई सुरक्षित नहीं है। राजस्थान के सीकर में परीक्षा से ठीक पहले जिस प्रकार हैंडराइटन 'गेस पेपर' खुलेआम बाजार में बेचा जा रहा था, उसकी भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उस पर्चे के 135 प्रश्न सीधे तौर पर असली NEET पेपर से मेल खा गए।
लाखों युवाओं द्वारा वर्षों तक की गई कठिन तपस्या, अटूट मेहनत और उनके सुनहरे सपनों को माफियाओं द्वारा कौड़ियों के भाव बाजार में नीलाम कर दिया गया, जबकि सत्ता में बैठी सरकार मूकदर्शक बनी तमाशा देखती रही। वर्तमान में भाजपा सरकार का मॉडल सिर्फ युवाओं को रोजगार देने में अक्षमता, भर्ती परीक्षाओं में व्यापक धांधली और पकड़े जाने पर केवल लीपा-पोती करने तक सीमित रह गया है। पेपर लीक माफियाओं को मिलने वाला राजनीतिक संरक्षण आज देश के करोड़ों मेहनती छात्रों के भविष्य पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है, जो यह जानने को बेताब हैं कि आखिर कब तक उनके सपनों की बलि माफिया और राजनीति के गठबंधन पर चढ़ाई जाती रहेगी।
NEET पेपर लीक के इस गंभीर प्रकरण में भाजपा से जुड़े कई प्रभावशाली चेहरों और नकल माफियाओं के मध्य अपवित्र संबंधों की परतें उधड़ रही हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रवक्ता डॉ. सुमीत गर्ग ने स्पष्ट किया है कि युवाओं का भविष्य किसी भी सरकार की राजनीति से ऊपर है और पूरा देश अब इस मामले में सीबीआई से निष्पक्ष जांच की उम्मीद कर रहा है। यह समय की मांग है कि युवाओं के सपनों का सौदा करने वाले इन दोषियों को कानून के शिकंजे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी राष्ट्रव्यापी विफलता की पुनरावृत्ति न हो।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
