दिनांक 21 जुलाई 2026 को खण्डेलवाल सोशल ग्रुप के सदस्यों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर नीट (NEET) 2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 815 प्राप्त करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा अनन्या गुप्ता के निवास पर पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर समूह के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ अनन्या को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

सम्मान समारोह के दौरान अनन्या गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा-दादी की प्रेरणा, अनुशासित वातावरण तथा माता-पिता के सहयोगपूर्ण मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास, समय का सदुपयोग और निरंतर अभ्यास आवश्यक है। विद्यार्थियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और मोबाइल का सीमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग ही सफलता की कुंजी है। अनावश्यक रूप से इन पर समय व्यतीत करने से पढ़ाई प्रभावित होती है, इसलिए लक्ष्य पर निरंतर ध्यान बनाए रखना चाहिए।

खण्डेलवाल सोशल ग्रुप के अध्यक्ष अरविंद खण्डेलवाल ने कहा कि अनन्या ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर समाज तथा पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है, क्योंकि इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अनन्या भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर अपने परिवार, समाज और देश का नाम और अधिक रोशन करेंगी।

ग्रुप के मंत्री राजेश ठाकुरिया ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करना खण्डेलवाल सोशल ग्रुप की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अनन्या गुप्ता की यह उपलब्धि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है तथा उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने की प्रेरणा देगी।

इस अवसर पर अनन्या के पिता राजेश राजौरिया ने बेटी के सम्मान के लिए खण्डेलवाल सोशल ग्रुप के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा दिया गया यह सम्मान उनकी बेटी के लिए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा बनेगा।

उल्लेखनीय है कि अनन्या गुप्ता के माता-पिता दोनों सरकारी शिक्षक हैं। कार्यक्रम में ग्रुप के मंत्री राजेश ठाकुरिया, गोपाल डांस, देवेश पितलिया, महेश ठाकुरिया, पंकज खुंटेटा, बद्री प्रसाद बड़ाया, विनोद टोडवाल सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अनन्या को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की मंगलकामना की।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story