खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थी तुरंत कराएं ई-केवाईसी, नहीं तो रुक सकता है राशन
सवाई माधोपुर में एनएफएसए सस्पेंड लाभार्थियों को ई-केवाईसी का एक और अवसर मिला है। राशन लाभ जारी रखने के लिए तुरंत प्रक्रिया पूरी कराएं।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत राशन का लाभ लेने वाले उन लाभार्थी परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है, जिनकी मार्च 2025 से ई-केवाईसी नहीं हुई है। ऐसे परिवारों को विभाग ने ई-केवाईसी पूरी कराने का एक और अवसर प्रदान किया है। ई-केवाईसी नहीं होने के कारण जिन लाभार्थियों के नाम सूची से अस्थाई रूप से हटाए गए हैं, उन्हें वर्तमान में ‘एनएफएसए सस्पेंड’ श्रेणी में रखा गया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त खाद्य आयुक्त के निर्देशानुसार लंबित ई-केवाईसी वाले लाभार्थी अब अपने नजदीकी उचित मूल्य दुकानदार यानी राशन डीलर के पास जाकर आधार सीडिंग और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं। यह प्रक्रिया बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से पूरी की जाएगी।
जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना ने बताया कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद संबंधित परिवारों को पुनः खाद्यान्न यानी राशन का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने लंबित लाभार्थियों से जल्द से जल्द अपने राशन डीलर से संपर्क कर ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से जारी रह सके।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
