सवाई माधोपुर, 23 दिसंबर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय किसान दिवस-2025 बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नागौर जिले के मेड़ता में “उन्नत खेती-समृद्व किसान” थीम पर आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के लाखों किसानों के साथ-साथ सवाई माधोपुर जिले के किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत सीधे बैंक खाते में वित्तीय सहायता और प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य के कृषि एवं आपदा राहत मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, राज्य मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। जिला स्तरीय सम्मेलन कृषि विज्ञान केन्द्र, करमोदा में आयोजित किया गया, जिसमें कलक्टर काना राम ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से जिले के 658 लाभार्थियों को फार्म पॉण्ड योजना, पाइपलाइन, कृषि यंत्र, तारबंदी और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए कुल 118.38 लाख रुपये की अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की गई।

इस दौरान कलक्टर काना राम ने चार किसानों को प्रतीकात्मक रूप से 4 लाख 81 हजार 500 रुपये के चेक भेंट किए। इसमें डांगरवाड़ा के हेमंत यादव को तारबंदी योजना के तहत 48 हजार रुपये, गंगवाड़ा की गुड्डी देवी को फार्म पॉण्ड योजना के लिए 1 लाख 35 हजार रुपये, चांदनोली की शकूरी बाई को कच्चे फार्म पॉण्ड हेतु 73 हजार 500 रुपये और राजूलाल मीना को कृषियंत्र योजना के तहत मल्टी क्रॉप थ्रेसर के लिए 2 लाख 25 हजार रुपये दिए गए।

मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों ने किसानों को स्वावलंबी बनाने के लिए चल रही कृषि विकास योजनाओं का लाभ स्वयं लेने तथा अन्य किसानों को इसकी जानकारी देने का आग्रह किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने देखा। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार राकेश कुमार अटल, पंचायत समिति चौथ का बरवाड़ा की प्रधान सम्पत पहाड़िया, नगर परिषद के सभापति सुनील तिलकर, पूर्व उपसभापति राजेश गोयल, उप निदेशक कृषि पीडी आत्मा अमर सिंह, केवीके के वैज्ञानिक बीएल मीणा सहित कृषि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस प्रकार, राष्ट्रीय किसान दिवस-2025 ने न केवल किसानों के वित्तीय सशक्तिकरण का संदेश दिया, बल्कि उन्हें आधुनिक कृषि उपकरणों और योजनाओं के माध्यम से स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story