राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित एक सभागार में चिकित्सकों के सम्मान में 'राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे 2026' का आयोजन सेवा भाव और उत्साह के साथ किया गया। देश के महान चिकित्सक एवं भारत रत्न से सम्मानित डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम "बिहाइंड द मास्क: हू हील्स द हीलर्स?" रही, जिसके माध्यम से चिकित्सकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आर. सी. मीना ने कहा कि डॉक्टर दिन-रात मरीजों की जान बचाने के लिए अत्यधिक मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजरते हैं। ऐसे में समाज को भी उनके स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों से भी मरीजों के उपचार में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

पीएमओ डॉ. रामकेश मीना ने सभी चिकित्सकों से संपूर्ण सेवा भाव, करुणा और सकारात्मक सोच के साथ पूरी निष्ठा से मरीजों का उपचार करने तथा पीड़ित लोगों का हरसंभव सहयोग करने की अपील की।

मनोचिकित्सक डॉ. प्रेमराज मीना ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसी मरीज का स्वस्थ होना ही एक चिकित्सक के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार और संतोष होता है।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सेवानिवृत्त चिकित्सकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में डॉ. आर. एल. कोली, डॉ. दिनेश गुप्ता, डॉ. गोविंद गुप्ता, डॉ. अनीता गुप्ता, डॉ. शिखा सक्सेना, डॉ. महेंद्र मीना, डॉ. रचना शर्मा, डॉ. अंकुर बिछपलिया, डॉ. ओमप्रकाश मीना, डॉ. लखनलाल मीना, डॉ. जीतेन्द्र मीना, डॉ. संतोष गुप्ता, डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. राकेश चौधरी, डॉ. शिशुपाल मीना तथा डॉ. साक्षी जैन सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सकों ने सहभागिता की।

राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित यह समारोह चिकित्सकों के समर्पण, सेवा भावना और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान के सम्मान का प्रतीक बना। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि मरीजों की सेवा में निरंतर जुटे चिकित्सकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और मानसिक संतुलन के प्रति समाज की संवेदनशीलता भी उतनी ही आवश्यक है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story