सवाई माधोपुर। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आज 30 दिसंबर 2025 को शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग करना और आमजन को साइबर अपराधों से बचाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।

इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C), नई दिल्ली एवं श्रीमान महानिदेशक पुलिस एससीआरबी एवं साइबर क्राइम राजस्थान, जयपुर के निर्देशों के पालन में किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री अनिल कुमार बेनीवाल के निर्देशन में यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री विजय सिंह के सुपरविजन में साइबर क्राइम थाना द्वारा व्यापक प्रयास किए गए।

साइबर क्राइम थाना, सवाई माधोपुर के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक श्री जयप्रकाश अटल आरपीएस के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक साइबर क्राइम थाना श्री राजबब्बर सिंह, हैड कांस्टेबल श्री महेन्द्र और कांस्टेबल श्री सचिन (नंबर 1636, थाना कोतवाली सवाई माधोपुर) ने कार्यक्रम में छात्रों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के महत्व और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि साइबर ठगों द्वारा दिए जाने वाले लालच में फंसने से बचें और अपनी आईडी प्रूफ, बैंक खाता, मोबाइल सिम या सोशल मीडिया अकाउंट किसी को न दें। फर्जी लॉटरी या पैसे दोगुना करने के प्रलोभन में न आएं। इसके साथ ही, व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आने वाले लिंक या एपीके फाइल्स को डाउनलोड करने से बचें। किसी भी फ्रोड की शिकायत टोल फ्री नंबर 1930 पर दर्ज कराई जा सकती है।

राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत आयोजित इस साइबर जागरूकता कार्यक्रम ने छात्रों और शिक्षकों को तकनीकी सजगता और साइबर अपराधों से सुरक्षा के प्रति महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और व्यक्तिगत सुरक्षा का अहम हिस्सा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story