नगरपालिका नाथद्वारा ने मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सिद्ध करते हुए एक निराश्रित (लावारिस) व्यक्ति के निधन के बाद उसका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न कराया। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के साथ-साथ पालिका द्वारा ऐसे मानवीय दायित्वों का निर्वहन भी लगातार किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिन्दल को सूचना मिली कि एक निराश्रित व्यक्ति का निधन हो गया है, जिसका शव राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा हुआ है। सूचना मिलते ही आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पालिका के मोक्षरथ को मौके पर भेजा तथा कार्यवाहक जमादार बाबुलाल गहलोत को आवश्यक निर्देश दिए।

निर्देशानुसार बाबुलाल गहलोत ने टीम के साथ मिलकर पूरे सम्मान और गरिमा के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूर्ण करवाई। इस दौरान सभी आवश्यक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया। मौके पर पालिका जमादार बाबुलाल गहलोत, सफाई कर्मचारी चंदु और विजय सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

पालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिन्दल ने बताया कि नगरपालिका द्वारा पूर्व में भी इसी प्रकार निराश्रित व्यक्तियों के अंतिम संस्कार किए जा चुके हैं और भविष्य में भी यह कार्य निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत नगरपालिका नाथद्वारा को दें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

यह पहल न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी का उदाहरण है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को भी सशक्त रूप से स्थापित करती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story