सवाई माधोपुर जिले के युवाओं के लिए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत द्वारा संचालित "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान" के तहत अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और नशा मुक्त भारत के राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का अवसर उपलब्ध कराया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले के युवा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सवाई माधोपुर का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।

माय भारत के अनुसार अभियान के तहत जिला स्तर पर समूह लोकगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद, लघु फिल्म/रील निर्माण, नारा लेखन तथा कविता लेखन सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग लेने के पात्र होंगे। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रतियोगिता में ही आवेदन कर सकेगा।

माय भारत जिला कार्यालय ने बताया कि इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर "वॉलिंटियर फॉर भारत" के अंतर्गत सवाई माधोपुर जिले के "नशा मुक्त" इवेंट में https://mybharat.gov.in/events/nasha_mukt_yuva लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सवाई माधोपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय "नशा मुक्त युवा कॉन्क्लेव" में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।

माय भारत जिला कार्यालय ने जिले के सभी महाविद्यालयों, विद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, युवा क्लबों तथा अन्य युवा संगठनों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। कार्यालय के अनुसार यह अभियान युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक युवा माय भारत हेल्पलाइन 14472 अथवा माय भारत जिला कार्यालय, सवाई माधोपुर से संपर्क कर सकते हैं। अभियान के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story