नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेट एवं उनके साथ तैनात पुलिस मोबाइल पार्टी के प्रभारी अधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण गुरुवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में जोनल मजिस्ट्रेटों को मतदान से पूर्व, मतदान दिवस और मतदान के बाद निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी गई। राज्य निर्वाचन आयोग की प्रशिक्षण सामग्री के अनुसार मतदान से पूर्व भय एवं प्रलोभन से प्रभावित परिवारों एवं मतदाताओं की पहचान करने, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं का सत्यापन तथा संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण और निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को मतदान केन्द्रों पर पानी, छाया, रैम्प, शौचालय और विद्युत व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा मतदान केन्द्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम रखने के निर्देश दिए गए। नए मतदान केन्द्रों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार और आवश्यक संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

प्रशिक्षण में भय एवं प्रताड़ना वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को लेकर खास निर्देश दिए गए। ऐसे क्षेत्रों में जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस मोबाइल पार्टी द्वारा मतदान दिवस पर कम से कम दो बार भ्रमण करने तथा मतदाताओं को स्वतंत्र रूप से मतदान करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मतदान दिवस के दौरान मॉक पोल की स्थिति, मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया की शुचिता, मतदान कार्मिकों की उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं की निगरानी तथा आवश्यकता होने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही मतदान केन्द्र के 100 मीटर की परिधि में चुनाव प्रचार, मतदाताओं को प्रभावित करने अथवा मतदान के लिए प्रेरित करने जैसी गतिविधियां नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को चुनाव आचार संहिता एवं निर्वाचन संबंधी कानूनों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया गया कि निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं पुलिस बल पूर्ण निष्पक्षता बनाए रखेंगे और किसी भी प्रत्याशी या राजनीतिक दल के पक्ष में मतदान को प्रभावित नहीं करेंगे।

मतदान दिवस पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने, मतदान केन्द्रों पर शांति एवं अनुशासन कायम रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने पर भी विशेष जोर दिया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में मतदान का अवसर उपलब्ध कराएं। उन्होंने निर्वाचन संबंधी किसी भी शिकायत या संवेदनशील स्थिति पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन और पुलिस के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी, कानून-व्यवस्था और मतदान की निष्पक्षता सुनिश्चित करना रहा।

फोटो कैप्शन:- 3 पीआरओ 17 एवं 18 जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस मोबाइल पार्टी के प्रभारी अधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story