नगर परिषद ने सड़कों से हटाए अस्थायी अतिक्रमण, वसूला 7 हजार का जुर्माना
सफाई निरीक्षक पिंटू कुमार मीना के नेतृत्व में उदेई मोड़ और सालौदा मोड़ सहित कई इलाकों में कार्रवाई कर सामान जब्त किया गया।

नगर परिषद की टीम सफाई निरीक्षक पिंटू कुमार मीना के नेतृत्व में उदेई मोड़ क्षेत्र में सड़क किनारे से अस्थायी कब्जे हटाते हुए।
शहर में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या के बीच नगर परिषद ने शनिवार को व्यापक अभियान चलाकर कई स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान उदेई मोड़ क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों से 7 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। अभियान का नेतृत्व सफाई निरीक्षक पिंटू कुमार मीना एवं सहायक सफाई निरीक्षक कमलेश ने किया।
नगर परिषद की टीम ने फव्वारा चौक, निजी बस स्टैंड, उदेई मोड़, सालौदा मोड़ तथा नई अनाज मंडी क्षेत्र तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जों को हटाया। इस दौरान फुटपाथों पर रखे तख्ते हटाए गए, जबकि सालौदा मोड़ क्षेत्र से कई दुकानों का सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा, लेकिन समझाइश के बाद अभियान लगातार जारी रखा गया।
नगर परिषद की इस कार्रवाई से आमजन में संतोष दिखाई दिया। लोगों ने इसे शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में शहर में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्ती शुरू की है।
सफाई निरीक्षक पिंटू कुमार मीना ने बताया कि सड़कों से अस्थायी अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था सुचारू होगी तथा आमजन को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
