शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। नगर निकाय चुनाव के बीच शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और आमजन को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को आयुक्त ने स्वास्थ्य निरीक्षक एवं जमादारों की बैठक लेकर शहर की सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में आयुक्त ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित सफाई, कचरा उठाव, मुख्य मार्गों, बाजार, कॉलोनियों तथा सार्वजनिक स्थानों की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सफाई निरीक्षक एवं जमादारों से सफाई कार्य में आने वाली समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए तथा सफाई कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आयुक्त दलीप पूनिया ने खाली भूखंडों में लंबे समय से जमा कचरे को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि खाली भूखंड कचरा संग्रहण स्थल नहीं बनें, इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में नियमित निगरानी की जाए। ऐसे स्थानों पर जमा कचरे को तत्काल हटाकर सफाई करवाने तथा दोबारा कचरा जमा नहीं हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्वास्थ्य निरीक्षक एवं जमादारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारी निर्धारित क्षेत्रों में समय पर पहुंचकर सफाई कार्य करें और कचरा उठाव की व्यवस्था भी नियमित रूप से संचालित हो। उन्होंने कहा कि केवल सफाई करवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सफाई के बाद कचरा समय पर उठाना भी जरूरी है।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था कमजोर है, वहां विशेष ध्यान देकर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। बैठक में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी, कचरा उठाव, खाली भूखंडों की सफाई तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित कार्मिक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करने और सफाई व्यवस्था को लेकर प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

नगर परिषद प्रशासन द्वारा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सफाई व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ कर्मचारियों को भी सक्रिय किया जा रहा है। बैठक में आगामी गणेश मेले को लेकर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने मेले में सफाई व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य निरीक्षकों को पूरी रणनीति बनाने के निर्देश दिए। बैठक में शिवराम मीना, अनमीत सिंह, इंद्रराज मीणा सहित बजरिया, आलनपुर एवं शहर में पदस्थापित सभी जमादार मौजूद रहे।


Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story