युवाओं को खाद्य सुरक्षा प्रणाली और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जमीनी हकीकत से रूबरू कराने के उद्देश्य से जिले में माय भारत स्वयंसेवकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की जा रही है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार माय भारत कार्यालय एवं जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 11 से 15 मई के मध्य पांच दिवसीय एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा प्रणाली, आपूर्ति श्रृंखला संचालन तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को किसान पंजीकरण, उपार्जन केंद्र संचालन, वेयरहाउस प्रबंधन और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरण प्रक्रिया का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा, जिससे वे प्रणाली की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ सकें।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी डिजिटल सेवाओं की जानकारी के प्रसार और जागरूकता गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे, जिससे लाभार्थियों तक योजनाओं की सटीक जानकारी पहुंच सके। जिला युवा अधिकारी ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से इस कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है।

इच्छुक युवा 30 अप्रैल तक माय भारत कार्यालय, सवाई माधोपुर में अपना नामांकन करवा सकते हैं। पंजीकरण के समय पासपोर्ट आकार का फोटो तथा आधार कार्ड की प्रति साथ लाना अनिवार्य है। अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए युवा बाल मंदिर कॉलोनी स्थित माय भारत कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है अथवा माय भारत पोर्टल पर लॉगिन किया जा सकता है।

यह कार्यक्रम न केवल युवाओं को प्रशासनिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव देगा, बल्कि उन्हें खाद्य सुरक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और प्रभावशीलता को समझने का सशक्त अवसर भी प्रदान करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story