सवाई माधोपुर में ‘माय भारत’ अभियान को रफ्तार, युवा पंजीकरण में राजस्थान में प्रथम स्थान
सवाई माधोपुर माय भारत अभियान में राजस्थान में प्रथम, 16 हजार नए युवा पंजीकृत और 199 युवा क्लबों के गठन से बढ़ी अभियान की गति।

सवाई माधोपुर में ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के तहत युवा पंजीकरण और युवा क्लब गठन अभियान ने तेज गति पकड़ ली है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत अभियान में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के मामले में राजस्थान में प्रथम और देश में 17वां स्थान हासिल किया है।
जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा रहा है। इस अभियान में विद्यालयों और संबंधित विभागों का सहयोग लिया जा रहा है।
जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक 16 हजार से अधिक नए युवाओं का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि 199 युवा क्लबों का गठन भी हो चुका है। इसके साथ ही जिले में माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं की संख्या 62 हजार से अधिक पहुंच गई है।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक सक्रिय युवा क्लब का गठन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र युवाओं का अधिकतम संख्या में माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि संगठित, जागरूक और प्रशिक्षित युवा विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
माय भारत युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने बताया कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व निर्माण, सामुदायिक सेवा, सरकारी अभियानों में सहभागिता, अनुभव आधारित प्रशिक्षण, अंतर-जिला एवं अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान, खेल गतिविधियों, विकसित भारत युवा संसद और अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेने के अवसर मिलते हैं।
जिला प्रशासन ने सवाई माधोपुर जिले के सभी 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अपील की है कि वे 15 अगस्त से पूर्व माय भारत पोर्टल https://mybharat.gov.in/yuva_register पर पंजीकरण कर इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ें। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन 14472 अथवा 9828239772 और ईमेल mybharatswm@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
माय भारत अभियान के तहत जिले में बढ़ती भागीदारी और युवा क्लबों के गठन से प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को संगठित कर उन्हें विभिन्न विकासात्मक और राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ना है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
