जनसुनवाई के परिवादों पर सख्त कार्रवाई, नगर परिषद ने हटाए वर्षों पुराने अतिक्रमण
मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर जनसुनवाई में मिली शिकायतों के बाद नगर परिषद की टीम ने जेसीबी मशीन से श्रीराम वाटिका और बालमंदिर कॉलोनी में की कार्रवाई।

श्रीराम वाटिका और बालमंदिर कॉलोनी क्षेत्र में सार्वजनिक मार्ग से अवैध कब्जा हटाती नगर परिषद की टीम और सुरक्षाकर्मी।
मुख्यमंत्री जनसुनवाई एवं जिला कलक्टर जनसुनवाई में प्राप्त अतिक्रमण संबंधी परिवादों पर नगर परिषद ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में किए गए अवैध कब्जों को हटाया। नगर परिषद आयुक्त के निर्देशन में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया, जिससे आमजन को राहत मिली और सार्वजनिक मार्गों का सुचारू उपयोग सुनिश्चित हुआ।
प्राप्त परिवाद के अनुसार श्रीराम वाटिका, लवकुश कॉलोनी क्षेत्र में स्थित सरकारी ट्यूबवेल की लगभग 100 फीट भूमि पर जसराम मीना द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। इसके साथ ही सार्वजनिक मार्ग पर गोबर का रेवड़ा डालकर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया तथा मार्ग को पुनः सुचारू कराया।
इसी प्रकार बालमंदिर कॉलोनी स्थित चर्च के सामने सार्वजनिक सड़क पर कमलेश मीना द्वारा अवैध रूप से टीनशेड लगाकर भैंसों का तबेला बना लिया गया था। सार्वजनिक मार्ग पर किए गए इस अतिक्रमण से राहगीरों एवं स्थानीय निवासियों को असुविधा हो रही थी। नगर परिषद ने जेसीबी मशीन की सहायता से कार्रवाई करते हुए उक्त अतिक्रमण को हटवा दिया।
नगर परिषद आयुक्त के निर्देशन में संचालित इस अभियान में राजस्व अधिकारी विजेन्द्र मीना प्रभारी के रूप में मौजूद रहे। टीम में सह प्रभारी मनोज कुमार मीना, कनिष्ठ अभियंता नरेन्द्र कुमार मीना, स्वास्थ्य निरीक्षक शिवराम मीना सहित नगर परिषद के समस्त संबंधित कार्मिक एवं जमादार शामिल रहे।
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के तहत की गई यह कार्रवाई प्रशासन की जवाबदेही और सार्वजनिक हितों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अतिक्रमण हटने से प्रभावित क्षेत्रों में आमजन को राहत मिली है तथा सार्वजनिक संपत्तियों और मार्गों का उपयोग पुनः सुगम हो गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
