सवाई माधोपुर, 21 नवंबर 2025: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का आज राष्ट्रगान के साथ भव्य समापन हुआ। यह प्रदर्शनी भारत का गणतंत्र – एक सुनहरी यात्रा, वन्देमातरम राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष तथा भारतीय संविधान के 75 वर्ष की यात्रा को समर्पित थी।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अतिरिक्त जिला कलेक्टर संजय शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जन तक पहुँचाई गई है, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ मिलेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आमजन तक योजनाओं की जानकारी पहुँचाने में सहयोग करें ताकि प्रत्येक नागरिक योजनाओं का पूरा लाभ उठा सके।

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा एवं सवाई माधोपुर के सहायक निदेशक आर.एल. मीणा द्वारा की गई। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा प्रदर्शनी में आयोजित गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिशिर बैरवा ने आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से देश के किसी भी शहर में नागरिक 5 लाख रुपए तक का निशुल्क उपचार प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने पल्स पोलियो अभियान की जानकारी भी दी, जिसका उद्देश्य 5 वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों को पोलियो से बचाना है। इस अभियान का तीन दिवसीय कार्यक्रम 23 नवंबर से शुरू होगा, जिसमें सहयोग की अपील की गई।

बाल विकास परियोजना अधिकारी समीक्षा कंवर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह योजना गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को 6,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान करती है, जिससे उन्हें गर्भावस्था और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए उचित पोषण और सेवाएं प्राप्त हो सकें।

इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य गोपाल सिंह, राजकीय गर्ल्स महाविद्यालय के प्रिंसिपल धीरेन्द्र सिंह तथा क्षेत्रीय प्रचारक नेमीचंद मीणा और प्रेम सिंह ने भी अपने विचार साझा किए।

प्रदर्शनी के दौरान भारत का गणतंत्र – एक सुनहरी यात्रा, वन्देमातरम के 150 वर्ष और भारतीय संविधान के 75 वर्ष पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के अंत में विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता ने सक्रिय भागीदारी की, जिससे यह कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक बल्कि समाज में सरकारी योजनाओं की जागरूकता फैलाने वाला साबित हुआ।

यह प्रदर्शनी युवाओं और आमजन के लिए एक अवसर थी, जहां वे राष्ट्रगीत, संविधान और सरकार की योजनाओं के महत्व को समझते हुए समाज में सकारात्मक योगदान दे सकते हैं।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story