जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भौतिक एवं शैक्षिक संसाधनों के विकास का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सांचोली के विकास के लिए ग्रामीणों ने जनभागीदारी का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विद्यालय को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि दान स्वरूप प्रदान की है।

ग्रामीणों की ओर से प्रदत्त सहयोग राशि का चेक विद्यालय के प्रधानाचार्य लल्लू लाल मीणा ने मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो रहे हैं तथा विद्यालयों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 51 हजार रुपये की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार की ओर से लगभग 76 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1 लाख 27 हजार रुपये की राशि प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग विद्यालय परिसर की चारदीवारी की मरम्मत एवं आवश्यक विस्तार कार्यों पर किया जाएगा। इससे विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी और विद्यार्थियों को सुरक्षित तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। जनसहभागिता के माध्यम से विद्यालय के भौतिक विकास की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story