सिंचाई विभाग बजट स्वीकृति में उलझा, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी


समस्या का मुख्य केंद्र: बामनवास-बोलीं

मोरेल बांध की पूर्वी नहर का जल निकासी द्वार पिछले कई दिनों से फंसा होने के कारण बंद पड़ा है। गेट फंसने से बरनाला और लालसोट तहसील के दर्जनों गांवों के सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा गेहूं की फसल पर सूखने का गंभीर संकट मंडरा रहा है। समय पर अंतिम सिंचाई नहीं होने से खेतों में खड़ी फसल तेजी से मुरझाने लगी है, जिससे किसानों में भारी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।

किसानों की आपबीती और विभागीय उदासीनता

  • स्थानीय किसान: राजपति मीणा, शिवचरण मीणा, रामकेश मीणा और हरकेश मीणा।
  • शिकायत: "नहर के आसपास स्थित खेतों में खड़ी गेहूं की फसल हर घंटे सूखती जा रही है।"
  • आरोप: "विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि शीघ्र पानी नहीं छोड़ा गया तो तैयार फसल पूरी तरह बर्बाद हो सकती है।"

आंदोलन की चेतावनी

मोरेल बांध समिति अध्यक्ष कांजी मीणा (बरनाला) ने बताया कि इस संबंध में सिंचाई विभाग के जेईएन, एईएन और एक्सईएन को अवगत करा दिया गया है। "अगर एक दो दिन में नहर चालू नहीं होती है तो सैकड़ों किसान विभागीय कार्यालय की तरफ कूच करेंगे।"

वहीं किसान सभा जिला अध्यक्ष कांजी मीणा (जस्टाना) ने कहा कि सैकड़ों बीघा फसल सूखने की कगार पर है, लेकिन विभाग की ओर से गेट दुरुस्तीकरण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। "यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो सैकड़ों किसानों के साथ आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की होगी।"

विभागीय पक्ष और तकनीकी बाधा

इधर सिंचाई विभाग के लालसोट खंड एईएन चेतराम मीणा ने बताया कि गेट की मरम्मत पर लगभग दो से तीन लाख रुपये का खर्च आएगा, जिसकी स्वीकृति एक्सईएन स्तर से होनी है। दौसा एक्सईएन मांगीलाल ने कहा कि गेट की मरम्मत करने वाली टीम से संपर्क किया गया है और टीम के गुरुवार को पहुंचने की सूचना है। गेट को शीघ्र दुरुस्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

निष्कर्ष

हालांकि, विभागीय प्रक्रिया के बीच हर गुजरता घंटा किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। सूखती फसलें किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरती नजर आ रही हैं। किसानों ने मांग की है कि अविलंब गेट दुरुस्त कर नहर में पानी की आपूर्ति शुरू की जाए, ताकि उनकी मेहनत और आजीविका बचाई जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story