मिरासी समाज द्वारा रविवार को कल्याणजी गेट के पास स्थित गोविंद पैलेस मैरिज गार्डन में विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मदरसा जामीअतुल बनात बरकते फातिमा के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामकेश मीणा ने कहा कि हर समाज की तरक्की का मूल मंत्र शिक्षा है। जो समाज शिक्षा से दूर रहेगा, वह विकास की दौड़ में पीछे रह जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर तालीम दिलाने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह रास्ता है, जो समाज और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बदल सकती है।

कार्यक्रम का संचालन अब्बासी समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाजी जमील खान ने किया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को एक रोटी कम खानी पड़े तो खाएं, लेकिन अपने बच्चों को जरूर तालीम दिलाएं।

मिरासी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशरफ अली मीर ने कहा कि समाज आज से माला और साफा जैसी फिजूल खर्ची का बहिष्कार करेगा तथा इन पैसों को गरीब बच्चों की पढ़ाई पर खर्च किया जाएगा, जिससे समाज और कौम तरक्की कर सके।

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अशरफ अली खान ने कमेटी की ओर से मौलाना जाकिर हुसैन को 51 हजार रुपए का चेक इमदाद के रूप में प्रदान किया। राष्ट्रीय सचिव छुट्टन खां ने कम खर्चीली शादी करने और कर्ज से बचने की सलाह दी। वहीं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सबदल खान ने कहा कि जो कौम तालीम से जुड़ जाती है, वही बुलंदियों तक पहुंचती है। राष्ट्रीय शिक्षा सचिव रुस्तम अली खान ने प्रतिभा सम्मान समारोह को प्रेरणादायी पहल बताया।

समारोह में डॉ. अकरम, इस्माइल पीसीसी सदस्य, पार्षद महबूब, निसार अहमद, शौकत अली, साबिर अब्बासी, वरिष्ठ पत्रकार मदन मोहन गर्ग, दिनेश सेन, मनोहर गुप्ता, उत्तम मीणा, बनी सिंह, सलीम खान और मोहम्मद साबिर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का माला व साफा पहनाकर सम्मान किया गया।

अंत में आयोजक मौलाना जाकिर मिरासी ने मदरसा जामीअतुल बनात बरकते फातिमा की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान भोजन की व्यवस्था भी की गई। शिक्षा, सामाजिक सुधार और फिजूल खर्ची रोकने के संदेश के साथ आयोजित यह समारोह समाज में जागरूकता और नई सोच का मजबूत संदेश देकर संपन्न हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story