मेहंदीपुर बालाजी के थाने के पास स्थित यूथ रूलर डेवलपमेंट ट्रस्ट द्वारा संचालित श्रीराम मंदिर वृद्धाश्रम मेहंदीपुर बालाजी में गुरुवार को वृद्ध जनों के साथ होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सक्षम राजस्थान के संगठन मंत्री कमल कुमार, मुख्य वक्ता मोहन सिंह, मोहन लाल शर्मा, महेश सहारिया व आश्रम अध्यक्ष कृष्ण बल्लभ शर्मा के साथ अतिथियों द्वारा श्री मेहंदीपुर बालाजी जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

पंच परिवर्तन और सामाजिक सरोकार पर मंथन

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मोहन सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 'पंच परिवर्तन' अभियान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि "आज हमारा समाज जिस दिशा में जा रहा है, वहां परिवारों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है; पहले जहाँ परिवारों में चार-चार बच्चे हुआ करते थे, वह अब सिमटकर केवल दो बच्चों तक रह गए हैं।" उन्होंने रेखांकित किया कि इससे चाचा-चाची, ताई, बुआ और फूफा जैसे कई रिश्तों का अस्तित्व खत्म हो रहा है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक को एक गंभीर समस्या बताया तथा वर्षा जल संचयन एवं प्राचीन बावड़ियों व तालाबों के जीर्णोद्धार पर विशेष बल दिया।

आध्यात्मिक संदेश और सेवा का संकल्प

ब्रह्माकुमारी अनीता दीदी ने आध्यात्मिक बोध कराते हुए कहा कि "बीती सो बात गई। होली का असली आनंद तभी है जब हम मन में दबी पुरानी शिकायतों, ईर्ष्या और नफरत की धूल को साफ कर दें। यह पर्व हृदय की सफाई का अवसर है ताकि रिश्तों में फिर से मिठास घुल सके।" मंच संचालन समाजसेवी सुनील सिंघल व विधि गोयल ने किया। समाजसेवी सुनील सिंघल ने अपने उद्बोधन में कहा कि बुजुर्गों के एकाकी जीवन में खुशियों के रंग भरकर, श्रीराम मंदिर वृद्धाश्रम मानवता की सच्ची सेवा कर रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि "अपनों से दूर हुए प्रभुजनों को सत्कार और सम्मान देना ही ईश्वर की असली भक्ति है, जो इस आश्रम के कण-कण में दिखती है।"

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और हर्षोल्लास

कार्यक्रम में आदर्श विद्या मंदिर मेहंदीपुर बालाजी के भैया-बहनों द्वारा सजीव झांकियों व मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी अतिथियों एवं वृद्ध जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह के मुख्य अतिथि दिव्यांग सेवार्थ समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम राजस्थान के संगठन मंत्री कमल कुमार ने कहा कि बदलते दौर में रिश्तों की अहमियत को बचाना और प्रकृति का सम्मान करना ही वास्तविक उत्सव है। उन्होंने सभी को सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

नर सेवा ही नारायण सेवा

विशिष्ट अतिथि गौ पुत्र अवधेश अवस्थी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि "नर सेवा नारायण सेवा के उद्देश्यों को लेकर यूथ रूलर डेवलपमेंट ट्रस्ट द्वारा संचालित श्रीराम मंदिर वृद्धाश्रम मेहंदीपुर बालाजी में निवास कर रहे वृद्ध जनों की जो सेवा कार्य संस्था द्वारा किया जा रहा है वह काबिले तारीफ है।" उन्होंने आगे कहा कि वृद्ध जनों की सेवा का अवसर ईश्वरीय कृपा के बिना हमें प्राप्त नहीं हो सकता, इस सेवा कार्य में जुड़े सभी लोग परम भाग्यशाली हैं।

पुष्प वर्षा के साथ होली का आनंद

वृद्ध आश्रम में रह रहे वृद्धजनों द्वारा अपने अनुभव साझा करते हुए आश्रम की सेवाओं की भरपूर सराहना की गई। सभी प्रभुजनों ने अतिथियों के साथ मिलकर होली के गीतों पर नाचते-गाते और झूमते हुए एक दूसरे पर पुष्प वर्षा करते हुए होली की खुशियाँ साझा कीं। कार्यक्रम का समापन विधिवत प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर समाजसेवी लाखन सिंह उदयपुरा, अग्रवाल समाज कोषाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल, बालाजी गेस्ट हाउस के मैनेजर यादराम तिवाड़ी, हरि मीणा, विष्णु, गौ पुत्र अवधेश अवस्थी, नेमीचंद अग्रवाल खेड़ली वाले, महेश भनकपुरा वाले सहित क्षेत्र के अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story