मच्छर जनित रोगों पर काबू के लिए चिकित्सा विभाग सक्रिय, सवाई माधोपुर में फॉगिंग और एंटी लार्वा अभियान तेज
सवाई माधोपुर में चिकित्सा विभाग ने डेंगू और मलेरिया पर नियंत्रण के लिए एंटी लार्वा व फॉगिंग अभियान तेज किया है। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर सर्वे कर मच्छर लार्वा नष्ट कर रहे हैं। सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने नागरिकों से घरों में पानी जमा न होने देने व सामुदायिक सहयोग की अपील की।

सवाई माधोपुर, 3 नवंबर। मौसम के बदलते ही जिले में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, जिसे देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एंटी लार्वा और फॉगिंग गतिविधियों को व्यापक रूप से शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों की जांच कर रही हैं और जहां कहीं भी लार्वा पाया जा रहा है, उसे तुरंत नष्ट किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिले में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्यकर्मी पूरी तत्परता के साथ फील्ड में जुटे हुए हैं। फॉगिंग, एंटी लार्वा सर्वे और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य टीमों द्वारा कूलर, गमलों, टूटे बर्तनों, पुराने टायरों और परिंडों जैसे स्थानों की विशेष जांच की जा रही है, जहां साफ पानी के ठहराव से मच्छरों के लार्वा पनपते हैं। ऐसे स्थानों को खाली करवाकर लार्वा को नष्ट किया जा रहा है। फॉगिंग के जरिए वयस्क मच्छरों को नियंत्रित करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ. जेमिनी ने जिलेवासियों से अपील की कि डेंगू से बचाव में सामुदायिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक रविवार को “ड्राई डे” के रूप में मनाएं और अपने घरों में जमा पानी को खाली कर सुखाएं, ताकि मच्छरों का लार्वा समय रहते समाप्त हो सके। उन्होंने चेताया कि जमा हुआ साफ पानी डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के लिए सबसे उपयुक्त वातावरण होता है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि यदि बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों या जोड़ों में दर्द, उल्टी, जी मिचलाना या शरीर पर लाल दाने जैसे लक्षण दिखाई दें तो स्वयं इलाज न करें और न ही किसी झोलाछाप चिकित्सक के पास जाएं, बल्कि तुरंत योग्य डॉक्टर से परामर्श लें।
डॉ. जेमिनी ने बताया कि एडीज मच्छर दिन के समय काटता है और साफ पानी में पनपता है। इसलिए लोगों को चाहिए कि कूलर, गमले, टायर और पानी के कंटेनरों को नियमित रूप से खाली करें, सुखाएं या उनमें लार्वानाशक दवा डालें। घरों में मच्छरदानी का उपयोग करें और खिड़कियों-दरवाजों पर जाली लगवाएं ताकि संक्रमण से बचाव हो सके।
चिकित्सा विभाग की यह मुहिम न केवल रोग नियंत्रण की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि सामुदायिक जागरूकता को भी नया आयाम दे रही है। विभाग का उद्देश्य साफ-सुथरा और स्वस्थ सवाई माधोपुर बनाना है, जहां मच्छर जनित रोगों पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
