वंदे भारत ट्रेन: आरेडिका रायबरेली ने तैयार किया पहला 16 कोच ट्रेनसेट
आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना द्वारा निर्मित इस ट्रेनसेट को सीमेंस प्रोपल्शन सिस्टम और कवच सुरक्षा तकनीक से लैस कर फील्ड ट्रायल के लिए रवाना किया गया है।

रायबरेली स्थित आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) से फील्ड ट्रायल के लिए रवाना होता हुआ पहला स्वदेशी 16 कोच वंदे भारत चेयर कार ट्रेनसेट।
वर्ष 2018 में मात्र दो ट्रेनसेट से शुरू हुई वंदे भारत की यात्रा अब अपने 100वें ट्रेनसेट के महत्वपूर्ण पड़ाव की ओर तेजी से अग्रसर है। इसी क्रम में 02 मई 2026 का दिन भारतीय रेल के लिए ऐतिहासिक बन गया, जब आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली ने अपने पहले 16-कोच वंदे भारत चेयर कार ट्रेनसेट को डायनेमिक टेस्टिंग एवं फील्ड ट्रायल हेतु रवाना किया।
इस उपलब्धि के साथ आरेडिका ने वंदे भारत ट्रेनसेट निर्माताओं की श्रेणी में सफलतापूर्वक अपना स्थान स्थापित कर लिया है। यह अत्याधुनिक ट्रेन सीमेंस प्रोपल्शन सिस्टम से सुसज्जित है, जो इसकी उच्च गति और प्रदर्शन क्षमता को सुनिश्चित करता है।
नियमित यात्री सेवा में शामिल किए जाने से पूर्व इस ट्रेन का ऑस्सिलेशन परीक्षण किया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से राइड क्वालिटी, सुरक्षा मानकों तथा गतिशील प्रदर्शन का व्यापक परीक्षण और सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे संचालन के दौरान उच्चतम विश्वसनीयता बनी रहे।
वंदे भारत ब्रांड की गति, दक्षता और यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेनसेट में कई उन्नत इंजीनियरिंग सुधार शामिल किए गए हैं। यात्रियों को उच्च स्तरीय अनुभव प्रदान करने के लिए इसमें आरामदायक सीटें, झटके रहित यात्रा, पूर्णतः सील्ड गैंगवे तथा शोर को न्यूनतम करने के लिए ऑटोमैटिक प्लग डोर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से ट्रेन में स्वदेशी ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, एरोसोल आधारित अग्निशमन के साथ उन्नत अग्नि पहचान प्रणाली तथा अंडर स्लंग उपकरणों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था दी गई है। इसके अतिरिक्त वैक्यूम इन्फ्यूजन तकनीक के माध्यम से आंतरिक साज-सज्जा को उच्च गुणवत्ता और उत्कृष्ट फिनिशिंग प्रदान की गई है।
यह ट्रेन पूर्णतः दिव्यांगजन-अनुकूल है, जिसमें रैंप, निर्धारित स्थान और विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे सभी यात्रियों के लिए समावेशी और सुगम यात्रा सुनिश्चित हो सके।
आरेडिका रायबरेली द्वारा निर्मित यह नवीनतम वंदे भारत ट्रेनसेट भारत के तेज, सुरक्षित और आरामदायक रेल परिवहन के भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है। यह उपलब्धि भारतीय रेल की नवाचार, आत्मनिर्भरता, समावेशन और विश्वस्तरीय विनिर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः प्रमाणित करती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
