जिले में गुरुवार को मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन डे) के तहत निर्धारित टीकाकरण सत्र आयोजित कर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सा विभाग के कार्मिकों और आशा कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में निर्धारित स्थलों पर टीकाकरण के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न सेवाएं प्रदान कीं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर उनकी प्रसव पूर्व जांच की गई तथा आवश्यक परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को आयरन फोलिक एसिड की गोलियां वितरित की गईं। साथ ही उन्हें पोषण, स्वच्छता और समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सा दलों ने माताओं को सुरक्षित प्रसव और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े रहने की सलाह दी। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।

मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के माध्यम से जिले में गर्भवती महिलाओं और बच्चों तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने तथा शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए गए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story