सवाई माधोपुर के मानटाउन थाना पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक प्रकरण में वांछित फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर साइबर ठगों को कमीशन के बदले अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने तथा साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के संग्रहण और हस्तांतरण में सहयोग करने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री विजय सिंह एवं कार्यवाहक पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर श्री जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में थाना मानटाउन के थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 3 जुलाई 2026 को प्रकरण संख्या 166/2026 में धारा 319(2), 318(4), 61(2)(ए), 112(2) बीएनएस एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत वांछित आरोपी जयेश पुत्र स्वर्गीय श्यामसुन्दर गोयल, उम्र 29 वर्ष, जाति अग्रवाल, निवासी 18 जवाहर नगर, बजरिया, थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर को सीमेंट फैक्ट्री, सवाई माधोपुर से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी जयेश ने अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपयोग के लिए उपलब्ध कराया था और इसके बदले कमीशन एवं धनराशि प्राप्त करता था। उसका बैंक खाता साइबर ठगी से प्राप्त राशि के संग्रहण और हस्तांतरण के लिए इस्तेमाल किया गया। आरोपी ने साइबर ठगी से अर्जित धनराशि के लेन-देन में सहयोग किया तथा आपराधिक षड्यंत्र में सहभागिता निभाई। पुलिस के अनुसार संबंधित बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि साइबर ठग देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को मोबाइल कॉल, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस, सीबीआई एवं ईडी अधिकारी बनकर, सर्विस चार्ज, जीएसटी चार्ज, लोन कवर, मनी हेल्प सहित अन्य झूठे बहानों से डराकर एवं प्रलोभन देकर उनके खातों से ऑनलाइन धनराशि विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराते थे। आमजन से इस प्रकार धोखाधड़ी कर प्राप्त राशि आरोपी के बैंक खाते में जमा की जाती थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध साइबर पोर्टल 1930 पर दो शिकायतें भी दर्ज हैं। मामले में अग्रिम अनुसंधान एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में थाना मानटाउन के थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल दयाराम (हैड़ कानि 325) तथा कांस्टेबल हरिसिंह (कानि 1133) की प्रमुख भूमिका रही।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story