मलारना डूंगर। सवाई माधोपुर जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती एक चौंकाने वाली घटना मलारना स्टेशन क्षेत्र से सामने आई है। मलारना स्टेशन पुलिस चौकी से महज कुछ मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हुई चैन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करने में पुलिस चार माह बाद भी नाकाम रही है। विडंबना यह है कि अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के बजाय पुलिस ने घटना के मात्र 60 दिन के भीतर ही मामले में एफआर (फाइनल रिपोर्ट) लगाकर फाइल बंद कर दी, जिससे पीड़िता अब भी न्याय की आस में दर-दर भटकने को मजबूर है।

प्राप्त जानकारी और दर्ज एफआईआर के अनुसार, यह पूरी घटना 13 जनवरी 2026 की है। शिकायतकर्ता अंकिता बाई जब मलारना स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थल पर मौजूद थीं, तभी एक अज्ञात चोर ने पुलिस चौकी के बेहद करीब उनके गले से करीब 8 ग्राम सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गया। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की फुटेज भी कैद हुई थी, किंतु पुलिस के अनुसार उसकी स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। पुलिस चौकी के इतने नजदीक घटित इस वारदात ने तत्कालीन समय में भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए थे कि जब पुलिस की नाक के नीचे अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, तो आमजन की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है।

पीड़िता अंकिता बाई का आरोप है कि घटना के बाद से ही उन्होंने न्याय पाने के लिए कई बार पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटे, बार-बार ज्ञापन सौंपे और प्रभावी कार्रवाई की मांग की, लेकिन प्रशासन की ओर से उन्हें केवल खोखले आश्वासन ही प्राप्त हुए। पुलिस न तो आरोपी को गिरफ्तार कर पाई और न ही चोरी गया मंगलसूत्र बरामद किया जा सका। अंततः कार्रवाई के नाम पर महज कागजी खानापूर्ति करते हुए पुलिस ने एफआर लगाकर मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया। यह घटनाक्रम स्पष्ट करता है कि पुलिस की जांच केवल कागजों तक ही सीमित रह गई। आज जब पीड़ित न्याय की गुहार लगा रहा है, तो उसे केवल फाइल बंद होने की सूचना दी जा रही है। पुलिस चौकी के पास हुई इस चोरी का खुलासा न होना न केवल पुलिस की विफलता है, बल्कि इससे क्षेत्र में अपराधियों के हौसले भी बुलंद हो रहे हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story