मलारना डूंगर कस्बे के मुख्य बाजार और बस स्टैण्ड क्षेत्र में बीच सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ थाना मलारना डूंगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रास्ता खाली करवाया। सीएलजी मीटिंग में मिली शिकायत के आधार पर पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझाइश दी, जिसके बाद दुकानदारों ने स्वयं अतिक्रमण हटाया।

यह कार्रवाई सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार की गई। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय सिंह, वृत्ताधिकारी शहर सवाई माधोपुर श्री उदयसिंह मीना तथा थाना मलारना डूंगर के थानाधिकारी श्री राजेश कुमार मय पुलिस टीम मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार कस्बा मलारना डूंगर के मैन बाजार और बस स्टैण्ड स्थित सरपंच पान भण्डार के सामने वाले रास्ते में दुकानदारों द्वारा बीच सड़क पर अवैध अतिक्रमण कर रास्ता जाम कर रखा था। इससे आमजन और खरीददारों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से वार्ता की और अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी। समझाइश के बाद दुकानदारों ने स्वयं ही सड़क से अतिक्रमण हटाया।

पुलिस प्रशासन ने सभी दुकानदारों से अपील की कि मैन बाजार क्षेत्र में किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि खरीददारों और आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्रवाई के बाद मुख्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु हुई और आमजन ने राहत महसूस की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story