आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पंचायत समिति मलारना डूंगर की ग्राम पंचायत फलसावटा में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत, सड़क मरम्मत, जल निकासी, अतिक्रमण एवं राजस्व से जुड़ी समस्याएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं। इस पर जिला कलक्टर ने प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा मुख्य सड़क की मरम्मत, शेषा मार्ग से अतिक्रमण हटाने तथा श्मशान भूमि आवंटन की मांग भी रखी गई, जिस पर जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव एवं सड़क कटाव की स्थायी समस्या के समाधान हेतु पीडब्ल्यूडी, पंचायत राज एवं वाटरशेड विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश उपखंड अधिकारी को प्रदान किए। विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए 33 केवी जीएसएस लाइन सेगमेंट से जोड़ने संबंधी आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।

इसी दौरान जिला कलक्टर ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कक्षा 12वीं की छात्रा लाईबा बानो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी रोगियों को निक्षय किट वितरित की। उन्होंने ग्रामीणों से समय पर स्वास्थ्य जांच करवाकर निःशुल्क उपचार का लाभ लेने की अपील की।

चौपाल में कृषि, पशुपालन एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों द्वारा फॉर्म पॉन्ड, सिंचाई पाइपलाइन योजना, गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मंगला पशु बीमा योजना तथा आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। जिला कलक्टर ने कहा कि किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों का, मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुधन का तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत परिवार के स्वास्थ्य का बीमा कराकर आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रियता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी संदीप सिंह बेरड़, विकास अधिकारी नरेंद्र मीणा, सरपंच दिलशान खां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story