सवाई माधोपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ छेड़ी गई जंग में कोतवाली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार (IPS) के कड़े निर्देशों के बाद एक्शन मोड में आई पुलिस ने महावीर नगर रेलवे कॉलोनी में घेराबंदी कर नशे के एक शातिर सौदागर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस दबिश में आरोपी पवन माली को ७.२५ ग्राम अवैध स्मैक के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया, जो इलाके में युवाओं की रगों में जहर घोलने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है।

इस पूरी कार्यवाही को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजयसिंह मीना और पुलिस उपाधीक्षक श्री उदय सिंह के कुशल सुपरविजन में अंजाम दिया गया। कोतवाली थानाधिकारी श्री मदनलाल मीना (पु.नि.) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर १९ जनवरी २०२६ को गश्त के दौरान संदिग्धों पर नजर रखी थी। इसी दौरान महावीर नगर रेलवे कॉलोनी के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। जब पुलिस टीम ने उससे पूछताछ की, तो वह घबरा गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह गहराने पर जब नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से ७.२५ ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पकड़ा गया आरोपी पवन (४१), जो नीम चौकी शहर सवाई माधोपुर का निवासी है, ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग ठिकानों से थोक में स्मैक खरीदता था और फिर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अनजान ग्राहकों को ३०० रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा ८/२१, ८/२५ और ८/२९ के तहत प्रकरण संख्या २६/२०२६ दर्ज कर लिया है। इस सफल ऑपरेशन में थानाधिकारी मदनलाल मीना के साथ उप निरीक्षक श्री चन्द्रहुसैन, कांस्टेबल श्री मनीष (११३५), श्री राजीव (६६) और श्री विजेन्द्र (१६५१) की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के अन्य गुर्गों का पता लगाने के लिए गहन अनुसंधान कर रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story