सवाई माधोपुर, 13 नवम्बर। सवाई माधोपुर वन विभाग ने गुरुवार को झोपड़ा क्षेत्र में अवैध कब्जे पर बड़ी कार्यवाही करते हुए लगभग 60 बीघा वन भूमि को मुक्त कराया। विभाग की इस कार्रवाई ने न केवल अतिक्रमणकारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया, बल्कि क्षेत्र में वन भूमि संरक्षण की दिशा में एक सख्त संदेश भी दिया है।

जानकारी के अनुसार, अग्रिम मृदा कार्य झोपड़ा (50 हैक्टेयर) क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से कब्जा कर सरसों की फसल बोई गई थी। इस पर विभाग को सूचना मिलने के बाद उप वन संरक्षक (सामाजिक वानिकी) सुनील कुमार के निर्देशन में तथा वन क्षेत्राधिकारी कैलाश शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया और पूरी भूमि को पुनः वन विभाग के अधिकार में लिया।

कार्रवाई के दौरान विभागीय दल ने अवैध रूप से बोई गई सरसों की फसल को हटवाया और आगे दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए भूमि की सीमाओं पर गहरी खाई खोदी गई। इस दौरान नाका भगवतगढ़, चौथ का बरवाड़ा तथा सदर सवाई माधोपुर के वनपालों सहित पूरा स्टाफ मौके पर मौजूद रहा।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि किसी भी परिस्थिति में वन भूमि पर अवैध कब्जा न हो सके। विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसी किसी भी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई न केवल वन संपदा की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पर्यावरण संतुलन और हरित क्षेत्र संरक्षण की दिशा में विभाग की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story