सवाई माधोपुर। कस्बा गंगापुर सिटी में आपसी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना में शामिल पांच हजार रुपये के ईनामी बदमाश पंकज गुर्जर को सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के पास से थाना मानटाउन पुलिस ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए पंकज गुर्जर के पास एक अवैध देशी कट्टा एवं दो जिन्दा कारतूस भी बरामद हुए।

पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर श्री अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि गंगापुर सिटी में 1 दिसंबर, 2025 को माल गोदाम रोड स्थित पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में बदमाशों ने महेन्द्र उर्फ काडू गुर्जर पर फायरिंग की थी। इस घटना के संबंध में थाना कोतवाली गंगापुर सिटी में हत्या के प्रयास का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।

फरार पंकज गुर्जर निवासी थली थाना गंगापुर सिटी सदर के खिलाफ पांच प्रकरण पंजीबद्ध हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा मारपीट शामिल हैं। घटना के बाद पंकज गुर्जर जयपुर, डांग क्षेत्र करौली, श्योपुर और दौसा में फरार रहा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में गंभीर अपराधों में शामिल वांछित अपराधियों की धरपकड़ और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश राजौरा के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी श्री गिर्राज मीणा के निर्देशन में टीमों का गठन कर बदमाशों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।

पंकज गुर्जर की गिरफ्तारी में मुखबिर से मिली सूचना महत्वपूर्ण साबित हुई। विशेष टीम के सदस्य श्री अजीत मोगा को सूचना मिली कि पंकज गुर्जर रेलवे स्टेशन सवाई माधोपुर के पास खड़ा है और उज्जैन जाने की फिराक में है। इस पर थानाधिकारी मानटाउन श्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने कार्य योजना बनाकर पंकज गुर्जर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी में शामिल टीम में सहायक उप निरीक्षक सायबर सेल श्री अजीत मोगा, सहायक उप निरीक्षक थाना मानटाउन श्री प्रेम प्रकाश, कानिस्टेबल चौकी कुस्तला श्री विजय सिंह, कानिस्टेबल थाना मानटाउन श्री बलराम चौधरी, कानिस्टेबल थाना मलारना डूंगर श्री ईश्वर सिंह, कानिस्टेबल थाना मलारना डूंगर श्री महेन्द्र वैष्णव, और सायबर सेल सवाई माधोपुर के श्री महेन्द्र व राजकुमार शामिल रहे।

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही से न केवल फरार वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया गया, बल्कि अवैध हथियारों की अवैध गतिविधियों पर जिले में नियंत्रण बनाए रखने में भी पुलिस को सफलता मिली।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story