माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर बालिकाओं एवं किशोरियों को किया जागरूक, प्रतियोगिताओं से दिया स्वास्थ्य संदेश
सवाई माधोपुर में माहवारी स्वच्छता को लेकर बालिकाओं को जागरूक किया गया। चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं से स्वास्थ्य संदेश दिया गया।

तस्वीर में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बजरिया, मानटाउन, सवाई माधोपुर में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राएं और शिक्षिकाएं हाथ में तिरंगा थामे नजर आ रही हैं।
महिला अधिकारिता एवं शिक्षा विभाग, सवाई माधोपुर के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं एवं किशोरियों के लिए माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बजरिया, मानटाउन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक युगल किशोर मीणा ने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं एवं किशोरियों के जीवन का एक स्वाभाविक एवं महत्वपूर्ण शारीरिक चरण है। इसके प्रति जागरूकता और सही जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छ सेनेटरी नैपकिन के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा उपयोग किए गए नैपकिन के सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा किशोरियों एवं महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ मासिक धर्म उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला अधिकारिता विभाग द्वारा कालीबाई भील उड़ान योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत किशोरियों एवं महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के आत्मविश्वास एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के लिए चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में लक्ष्मी प्रजापति ने प्रथम, रानी चण्डालिया ने द्वितीय तथा प्रिया बैरवा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सलोनी बोहरा प्रथम, सुनीता मीना द्वितीय एवं सुमन मीना तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना शर्मा ने कहा कि मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा और वैज्ञानिक एवं सही जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने समाज में प्रचलित भ्रांतियों, संकोच एवं झिझक को दूर करने तथा बालिकाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति का संदेश भी दिया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने तिरंगे को हमारी एकता, देशभक्ति एवं वीरों के बलिदान का प्रतीक बताते हुए हर घर तिरंगा फहराने और देशप्रेम एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की एंकर गीता जैलिया, सम्मानित अध्यापकगण एवं स्टाफ तथा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र, महिला अधिकारिता विभाग की अनीता कंवर, प्रिया तेहरिया, रिंकी सैन एवं रेखा सिंघल सहित अन्य कार्मिकों ने सहयोग प्रदान किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
