महावीर पुरस्कार-2025 से सम्मानित हुए जैन गणितज्ञ प्रो. अनुपम जैन
दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी द्वारा आयोजित समारोह में प्रो. जैन को उनकी कृति ‘जैन गणित’ के लिए ₹51 हजार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

जयपुर में आयोजित समारोह में प्रो. अनुपम जैन को 'जैन गणित' के लिए महावीर पुरस्कार-2025 से सम्मानित करते हुए क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल और अन्य पदाधिकारी।
श्री महावीर जी/जयपुर। जैन विद्या संस्थान, दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी द्वारा जयपुर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में जैन गणित के विशेषज्ञ प्रो. अनुपम जैन को प्रतिष्ठित महावीर पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया। प्रो. जैन को यह सम्मान उनकी बहुचर्चित कृति ‘जैन गणित’ के लिए प्रदान किया गया है, जिसके अंतर्गत उन्हें ₹51 हजार की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट कर अलंकृत किया गया।
समारोह के दौरान क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुधांशु कासलीवाल ने पुरस्कार की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह सम्मान जैन धर्म, दर्शन, साहित्य, कला एवं भाषा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले विद्वानों को प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्वपूर्ण स्रोत जैन अध्ययन एवं अनुसंधान को नई पीढ़ी के बीच प्रोत्साहित करना है।
जैन विद्या संस्थान समिति के संयोजक डॉ. कमलचंद सोगानी ने संस्थान की अब तक की अकादमिक विकास यात्रा का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पुरस्कृत विद्वान प्रो. अनुपम जैन ने अपने उद्बोधन में ‘जैन गणित’ सहित भारतीय प्राचीन विद्याओं के गहन अध्ययन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस प्रकार के सम्मान को विद्वानों के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन बताते हुए जैन गणित से जुड़ी अनेक दुर्लभ पांडुलिपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।
कार्यक्रम का समापन करते हुए क्षेत्र के मानद मंत्री उमराव मल संघी ने महावीर पुरस्कार की अब तक की उपलब्धियों और पूर्व में पुरस्कृत कृतियों का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, विद्वानों और संस्था के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रो. अनिल जैन द्वारा किया गया। इस गौरवमयी आयोजन में विभिन्न विषयों के ख्यातिप्राप्त विद्वान, प्रतिनिधि एवं कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
