श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर प्रतिमा स्थापना में सहयोग हेतु जैन समाज ने किया सम्मान
आर्यिका विशुद्धमति माताजी के सानिध्य में अनिल भावना जैन और नरेंद्र नीता जैन को 'जिन शासन प्रभावना सारथी' अलंकरण से सम्मानित किया गया।

श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर नसियां जी में आयोजित समारोह के दौरान आर्यिका विशुद्धमति माताजी के सानिध्य में अतिथियों को अलंकरण पत्र भेंट करते समाज के पदाधिकारी।
श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की भव्य प्रतिमा स्थापना के पुनीत कार्य में उल्लेखनीय सहयोग देने वाले रेलवे के एक्सईएन अनिल भावना जैन ललितपुर एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र नीता जैन “नृपत्या” का जैन समाज द्वारा सम्मान किया गया। यह सम्मान परम पूज्य गणिनी शिरोमणी आर्यिका 105 विशुद्धमति माताजी एवं पट्टगणिनी आर्यिका विज्ञमती माताजी ससंघ के पावन सानिध्य में स्थानीय श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर नसियां जी में आयोजित धर्मसभा के दौरान प्रदान किया गया।
समारोह में दोनों साधर्मी बंधुओं को “जिन शासन प्रभावना सारथी” अलंकरण से विभूषित किया गया। यह सम्मान श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन परिसर में गोल सर्कल के भीतर स्थापित 1400 किलो वजनी, साढ़े तीन फीट ऊंची, बंसी पहाड़पुर के पत्थरों से निर्मित कलात्मक छतरी के नीचे साढ़े नौ फुट की ऊंचाई पर विराजमान भगवान महावीर स्वामी की मनोहारी प्रतिमा स्थापना में उनके विशेष सहयोग और समर्पण के लिए दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूज्य माताजी श्री ने अपने मंगल उद्बोधन में कहा कि तीर्थ क्षेत्रों की प्रभावना और जिन शासन की सेवा में योगदान देने वाले श्रावक समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों बंधुओं ने धर्म प्रभावना के इस कार्य में निःस्वार्थ भाव से प्रशासनिक सहयोग देकर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
अभिनंदन समारोह में माताजी के कर-कमलों द्वारा अभिनंदन पत्र एवं ‘जिन शासन प्रभावना सारथी’ अलंकरण पत्र भेंट किए गए। अलंकरण पत्र में श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर स्थापित प्रतिमा का चित्र और उनके योगदान का विस्तृत उल्लेख अंकित है।
रेलवे स्टेशन पर स्थापित इस प्रतिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि श्री महावीर जी भारत का प्रमुख जैन तीर्थ क्षेत्र है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शनार्थ पहुंचते हैं। रेलवे स्टेशन तीर्थ का प्रथम प्रवेश द्वार होने के कारण यहां भगवान महावीर स्वामी की भव्य प्रतिमा की स्थापना से देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को आगमन के साथ ही तीर्थ क्षेत्र का आध्यात्मिक आभास होगा। यह प्रतिमा अहिंसा, शांति और ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत का संदेश प्रसारित करेगी तथा स्टेशन की पहचान बनते हुए जैन धर्म की प्रभावना में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
समारोह में दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण जैन गंगवाल, देवेंद्र जैन पांड्या, अशोक पांड्या, विजेंद्र जैन, प्रेमचंद पटवारी, विमल कुमार जैन गोधा, प्रदीप कुमार जैन सोनी, सुमेर जैन सोनी, अरिहंत बोहरा, नरेंद्र गंगवाल, अरविंद गोधा, सुभाष सोगानी, पारस सोगानी, महेश जैन, मंगल जैन, डॉ. मनोज जैन, जिनेंद्र जैन, धर्मेंद्र जैन पांड्या, राजेश जैन गंगवाल, ज्ञानेंद्र जैन, प्रवीण जैन कठूमर, नवनीत काला, सतीश जैन पांड्या, आलोक जैन, पंकज जैन, कृष्ण कुमार जैन, मोहनलाल जैन, जगदीश जैन सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु, पदाधिकारी एवं श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के रीजन उपाध्यक्ष विमल जैन गोधा द्वारा किया गया। अंत में समाज ने दोनों सम्मानित साधर्मी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। यह आयोजन जैन समाज की एकजुटता, धर्म प्रभावना और सामाजिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
