मदरसा बोर्ड के शिक्षा अनुदेशकों ने नियमितीकरण सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भाजपा कार्यालय जयपुर पहुंचकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भाई हमीद खां मेवाती को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मदरसा शिक्षा अनुदेशक संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला कार्यकारिणी सदस्यों ने सैकड़ों की संख्या में भाग लिया और अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल ने हमीद खां मेवाती से मुलाकात कर शिक्षा अनुदेशकों की समस्याओं से अवगत कराया। शिक्षा अनुदेशकों ने विशेष रूप से नियमितीकरण की लंबे समय से लंबित मांग पर विस्तार से चर्चा करते हुए सरकार तक उनकी मांग पहुंचाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से शिक्षा अनुदेशक जयपुर पहुंचे और अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं। गंगापुर सिटी से हाजी अब्दुल सलाम एवं हाफिज नसरुद्दीन खान गद्दी ने भी अपनी बात रखी। उनके साथ निजामुद्दीन खान, इलयास अहमद, शोएब इकबाल सहित अन्य शिक्षा अनुदेशक भी जयपुर पहुंचे और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में शामिल हुए।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भाई हमीद खां मेवाती ने शिक्षा अनुदेशकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा तथा उनके उचित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

बैठक के दौरान शिक्षा अनुदेशकों ने उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से लंबित नियमितीकरण की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा अनुदेशकों ने अपनी मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अपेक्षा भी व्यक्त की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story