गंगापुर सिटी: नशीला पदार्थ पिलाकर जेवरात लूटने वाली 'लुटेरी दुल्हन' गैंग गिरफ्तार
उदेई मोड थाना पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से पांच आरोपियों को पकड़ा, शादी के छह दिन बाद परिवार को बेहोश कर 1.95 लाख की ठगी कर हुई थी फरार।

पुलिस मुख्यालय द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सवाई माधोपुर जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रयी (आई०पी०एस०) के निर्देशन में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगापुर सिटी श्री राकेश कुमार राजौरा एवं वृत्ताधिकारी श्री गिर्राज प्रसाद मीना के सुपरविजन तथा उदेई मोड थानाधिकारी श्री बृजेश सिंह तंवर के नेतृत्व में गठित टीम ने अंतरराज्यीय 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण अत्यंत सनसनीखेज है। परिवादी श्री योगेश अग्रवाल निवासी कर्मचारी कॉलोनी, गंगापुर सिटी ने न्यायालय के माध्यम से थाना उदेईमोड पर प्रकरण दर्ज कराया कि शादी के लिए ऑनलाइन रुपए जमा करने के पश्चात दिनांक 23.01.2026 को अग्रवाल धर्मशाला, गंगापुर सिटी में रानी देवी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से उनका विवाह संपन्न हुआ था। वैवाहिक बंधन में बंधने के महज छह दिन बाद, दिनांक 29.01.2026 की रात्रि को आरोपी रानी देवी ने परिवादी व उसके पूरे परिवार को नशीला पदार्थ पिला दिया और अचेतावस्था का लाभ उठाकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी लेकर फरार हो गई। इस गिरोह ने परिवादी के साथ कुल 1 लाख 95 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया। उक्त रिपोर्ट पर थाना उदेईमोड में बी.एन.एस. की धाराओं 318(2), 318(4), 316(2), 335, 303(2), 61(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण संख्या 48/2026 दर्ज कर अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक श्री जवर सिंह के सुपुर्द किया गया।
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक स्टेटमेंट का गहन विश्लेषण किया, जिनसे उन खातों की पहचान हुई जिनमें ऑनलाइन राशि ट्रांसफर की गई थी। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार थे, जिन्हें पकड़ना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। गठित पुलिस टीम ने तकनीकी आधार पर पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दबिश दी और आरोपियों को उनके मशकनो से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में दुल्हन बनी रानी गोश्वामी पुत्री मोहन लाल (कौशम्बी, हाल गौतम बुद्ध नगर), लक्ष्मी जाटव पत्नी नीरज सिंह (प्रयागराज), नीरज सिंह पुत्र हरिशंकर सिंह (प्रयागराज), इन्दू अग्रवाल पत्नी रजनीश अग्रवाल (गंगापुर सिटी) और रजनीश पुत्र वृद्धिचंद (गंगापुर सिटी) शामिल हैं।
अनुसंधान के दौरान इस शातिर गैंग ने स्वीकार किया है कि वे पूर्व में भी तीन अलग-अलग स्थानों पर इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर आदेशानुसार न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी बृजेश सिंह तंवर, स०उ०नि० जवर सिंह, कांस्टेबल कैलाशचंद (1081), पवन कुमार (78) और महिला कांस्टेबल निरमा (108) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस मुस्तैदी ने क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराध पर प्रभावी प्रहार किया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
