घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और अवैध भंडारण रोकथाम
जिले में घरेलू एलपीजी आपूर्ति सामान्य, अवैध भंडारण रोकने 10 सिलेंडर जब्त

सवाई माधोपुर, 15 मार्च। मध्यपूर्व क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी एवं आपूर्ति श्रृंखला पर संभावित प्रभाव के मद्देनजर भारत सरकार द्वारा गैस आपूर्ति संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और जिला प्रशासन ने आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं होने की जानकारी दी है।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि अस्पतालों, अन्नपूर्णा रसोई, छात्रावास एवं स्कूलों में मिड-डे-मील के लिए गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में किसी भी प्रकार की देरी पर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिले में पर्याप्त घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं और आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है।
जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक दुरुपयोग, अवैध भंडारण और अवैध रिफिलिंग की रोकथाम के लिए जिला कलक्टर के निर्देशानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान कुल 10 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में मैसर्स विमल कुमार के मकान/गोदाम से 7 सिलेंडर, सुभान नेशनल ढाबा से 1 सिलेंडर तथा जे.के. मिष्ठान भंडार से 2 सिलेंडर जब्त किए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा गैस सिलेंडरों के अनाधिकृत भंडारण और निर्धारित नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदान और वितरण का विनियमन) आदेश 2000 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें और घरेलू सिलेंडरों का भंडारण न करें। उन्होंने अफवाह या भ्रामक संदेशों पर ध्यान न देने की भी सलाह दी। इसके अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर की प्राप्ति के 45 दिन पश्चात बुकिंग की जा सकती है, जबकि शहरी क्षेत्रों में 25 दिवस बाद ही दोबारा बुकिंग संभव है।
घरेलू गैस सिलेंडर वितरण से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए जिला रसद कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपभोक्ता 07462-294515 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की हेल्पलाइन 181 और खाद्य विभाग की हेल्पलाइन 14435 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
सिलेंडर बुकिंग के लिए तेल विपणन कंपनियों द्वारा आसान माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। भारत गैस की बुकिंग वाट्सएप नंबर 1800224344, मिस्ड कॉल 7710955555 और आईवीआरएस 7715012345 पर की जा सकती है। इंडेन गैस की बुकिंग वाट्सएप 7588888824, मिस्ड कॉल 8454955555 और आईवीआरएस 7718955555 पर तथा एचपी गैस की बुकिंग वाट्सएप 9222201122, मिस्ड कॉल 9493602222 और आईवीआरएस 8888823456 पर की जा सकती है।
जिला प्रशासन की यह कार्रवाई न केवल अवैध भंडारण और व्यवसायिक दुरुपयोग को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि आमजन को सुरक्षित एवं नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी सहायक साबित होगी।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
