भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लायंस क्लब गंगापुर सिटी ‘दिशा’ ने शहर में परिंडे बांधने का अभियान शुरू किया। क्लब सदस्यों ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, पेड़ों और राजकीय परिसरों में मिट्टी के परिंडे लगाए तथा उनमें नियमित रूप से पानी और ज्वार-बाजरा भरने का सामूहिक संकल्प लिया।

क्लब अध्यक्ष लायन राजेन्द्र गौत्तम ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में मूक पक्षियों के सामने पीने के पानी और भोजन का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। इसी मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए क्लब द्वारा यह सेवा अभियान प्रारंभ किया गया है, ताकि पक्षियों को भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

क्लब सचिव लायन लोकेश सौगानी ने बताया कि अभियान को केवल परिंडे लगाने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उनकी नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी क्लब ने उठाई है। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन परिंडों में साफ पानी और ज्वार-बाजरा भरना सुनिश्चित करेंगी, ताकि कोई भी पक्षी प्यासा या भूखा न रहे।

कार्यक्रम संयोजक लायन महेंद्र वैष्णव ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में मूक पक्षियों की रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने आमजन से अपने घरों की छतों, बालकनी और आंगन में भी परिंडे लगाने तथा उनमें नियमित रूप से पानी भरने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों का छोटा सा प्रयास भी किसी बेजुबान पक्षी की जान बचा सकता है।

इस सेवा अभियान के दौरान लायंस क्लब गंगापुर सिटी ‘दिशा’ के आलोक मालधनी, कपिल गौत्तम, कोषाध्यक्ष सौरभ जैन और रविन्द्र शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। भीषण गर्मी के दौर में पक्षियों के संरक्षण और संवेदनशीलता का संदेश देने वाली यह पहल शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story