लिंक रोड से अतिक्रमण हटते ही विकास का रास्ता साफ, चौड़ी सड़क के साथ बनेंगे फुटपाथ
नगर विकास न्यास ने मंडी रोड के पीछे लिंक रोड पर बुलडोजर से अवैध अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण का रास्ता साफ किया है।

नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा सवाई माधोपुर में मंडी रोड के पीछे लिंक रोड पर सड़क चौड़ीकरण के लिए बुलडोजर से अवैध अतिक्रमण हटाया गया।
सवाई माधोपुर, 5 अक्टूबर। नगर विकास न्यास (यूआईटी) ने शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के तहत मंडी रोड के पीछे स्थित लिंक रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को बुलडोजर एवं अन्य संसाधनों की सहायता से हटाया गया, जिससे लिंक रोड को चौड़ा करने का रास्ता साफ हो गया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान यूआईटी के तहसीलदार, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता सहित तकनीकी टीम मौके पर मौजूद रही। अतिक्रमण हटने के बाद लिंक रोड का स्वरूप अधिक खुला एवं व्यवस्थित हो गया है।
यूआईटी सचिव मोहित कासनिया ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद लिंक रोड का निर्माण कराया जाएगा। आमजन एवं राहगीरों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे। इससे यातायात सुगम होने के साथ पैदल आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मोहित कासनिया ने अवैध कब्जाधारियों से अपील की कि वे अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर विकास न्यास की ओर से विकास एवं सौंदर्यीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। यदि अतिक्रमण हटाने के लिए बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी तो कार्रवाई में होने वाले व्यय की वसूली संबंधित अतिक्रमी से की जाएगी।
अतिक्रमण हटाए जाने के बाद मंडी रोड के पीछे स्थित लिंक रोड के विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। सड़क को चौड़ा करने के साथ दोनों ओर फुटपाथ विकसित किए जाने से इस मार्ग का स्वरूप अधिक व्यवस्थित होगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
