ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे: सवाई माधोपुर में न्यायिक अधिकारियों ने छात्रों को सिखाया नशा मुक्ति का पाठ
सवाई माधोपुर में ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे के तहत न्यायिक अधिकारियों ने स्कूलों में जागरूकता शिविर लगाकर छात्रों को नशे के खिलाफ लामबंद किया। एनडीपीएस एक्ट और नशा मुक्ति के कानूनी प्रावधानों की जानकारी के साथ विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया।

सवाई माधोपुर के एक विद्यालय में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करती हुईं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे' के तहत सवाई माधोपुर न्याय क्षेत्र में व्यापक विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जिले एवं तालुका मुख्यालयों पर विद्यार्थियों को नशे के घातक परिणामों के प्रति सचेत करना और उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय शहर सवाई माधोपुर में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और परिवार के साथ-साथ पूरे समाज के लिए विनाशकारी है। उन्होंने छात्राओं से नशीले पदार्थों से दूरी बनाने और समाज में जागरूकता का प्रसार करने का आह्वान किया।
इस जागरूकता अभियान के क्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों ने शिविर आयोजित किए। मीनाक्षी जैन, विशेष न्यायाधीश पोक्सो न्यायालय संख्या-01 ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में, प्रेमराज सिंह चंद्रावत, विशेष न्यायाधीश पोक्सो न्यायालय संख्या-02 ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में, असीम कुलश्रेष्ठ, न्यायाधीश विशिष्ट न्यायालय अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) प्रकरण ने महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साहूनगर में, गार्गी चौधरी, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आलनपुर में, किरण प्रजापत, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-01 सवाई माधोपुर ने गीता देवी अग्रवाल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आदर्श नगर में और अनिता रजवानिया, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-02 सवाई माधोपुर ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 72 सीढ़ी शहर सवाई माधोपुर में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इसी प्रकार तालुका गंगापुर सिटी में अखिलेश कल्याण, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-01 ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर सिटी में, भरत पूनिया, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-01 ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छावा में और मीनाक्षी चौधरी, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-02 ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महूकलां में विधिक जानकारी साझा की। इसके अतिरिक्त सुरेश कुमार सेन, अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति बामनवास ने महात्मा ज्योतिबा फुले विद्या मंदिर पिपलाई में, विकास नेहरा, अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति बौंली ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बौंली में, नेहा मौर्य, अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति चौथ का बरवाड़ा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चौथ का बरवाड़ा में तथा रविंद्र कुमार, अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति खंडार ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय खंडार में शिविरों का संचालन किया।
शिविरों के दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही एनडीपीएस एक्ट 1985 के प्रमुख प्रावधानों, नशा छोड़ने के उपायों, पुनर्वास प्रक्रिया, नशा मुक्ति केंद्रों की भूमिका और मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित कानूनों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को तंबाकू सहित अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
