राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग की फ्लैगशिप योजना में शामिल लाडो योजना के सघन अभियान के तहत प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। श्रीमान जिला कलेक्टर द्वारा अप्रैल माह में आयोजित मासिक जिला निष्पादन समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विद्यालयों का निरीक्षण शुरू कर दिया है, ताकि यह परखा जा सके कि किन विद्यालयों में योजना का बेहतर क्रियान्वयन हो रहा है और किन स्थानों पर कमियां रह गई हैं।

इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़ा गांव भडकोली, ब्लॉक मलारना डूंगर में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) श्री देवीलाल मीणा, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री प्रमोद कर्णावत, एएनएम अंतिमा शर्मा (बड़ागांव कहर) तथा एएनएम पूजा जादौन (देवली) द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लाडो योजना के तहत कुल 40 पात्र बच्चियों में से 23 बच्चियों के आवेदन पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी द्वारा ऑनलाइन करवा दिए गए हैं।

हालांकि, कुछ मामलों में कमियां सामने आईं। दस्तावेजों के अभाव के कारण कई छात्राओं के आवेदन ऑनलाइन नहीं हो पाए, चार छात्राओं के बैंक विवरण गलत पाए गए, एक छात्रा का आधार कार्ड नहीं बना था, जबकि दो छात्राओं की द्वितीय किस्त लंबित बताई गई। जिन दो छात्राओं की तृतीय किस्त लंबित बताई गई थी, उनके संबंध में मौके पर ही चिकित्सा विभाग की टीम ने ऑनलाइन जांच कर स्पष्ट किया कि एक छात्रा को वर्ष 2019 में ही भुगतान हो चुका है, जबकि दूसरी का आवेदन 2019 से ही सफलतापूर्वक अग्रेषित दर्शाया जा रहा है।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि इस प्रकार की कमियां अन्य विद्यालयों में भी देखने को मिल रही हैं। इस पर पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिन छात्राओं की द्वितीय किस्त लंबित है, उनकी सूची निकटतम एएनएम या मुख्य चिकित्सा एवं ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए, ताकि लंबित भुगतान के कारणों की जांच की जा सके। जिन मामलों में बैंक विवरण, आधार कार्ड या जन आधार कार्ड में नाम संबंधी त्रुटियां हैं, उनके अभिभावकों से संपर्क कर शीघ्र सुधार करवाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में ग्रामीण अभिभावक खेती-बाड़ी के कार्यों से अपेक्षाकृत मुक्त हैं, ऐसे में वे इन कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कर सकते हैं।

कार्यवाहक संस्था प्रधान उगन्ती मीणा एवं लाडो योजना प्रभारी श्रीमती ज्योति कुमारी टेलर ने आश्वस्त किया कि लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। शिक्षा निदेशक, बीकानेर के आदेशानुसार 4 मई से 7 मई तक लाडो योजना से वंचित छात्राओं के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसकी नियमित मॉनिटरिंग पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यालय द्वारा की जा रही है।

अधिकारियों ने सभी संस्था प्रधानों को निर्देशित किया कि इस विशेष अभियान को चुनौती के रूप में लेते हुए अधिकतम पात्र छात्राओं को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि निजी विद्यालयों में कक्षा एक में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के लिए यह योजना शैक्षणिक सत्र 2024-25 से लागू है, अर्थात 1 अगस्त 2024 के बाद प्रवेश लेने वाली छात्राएं ही पात्र होंगी। वहीं राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत वे छात्राएं, जिन्हें तृतीय किस्त का भुगतान हो चुका है और जो वर्तमान में कक्षा 6 में प्रवेश ले चुकी हैं, उनके लिए चौथी किस्त के आवेदन भी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।

इस सघन अभियान के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य स्पष्ट है कि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे और सभी तकनीकी व दस्तावेजी बाधाओं को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story