प्रदेश में बालिकाओं को प्रोत्साहित और संरक्षित करने के उद्देश्य से संचालित राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी लाडो प्रोत्साहन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सवाई माधोपुर ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अप्रैल और मई 2026 के दौरान जिले ने 98.51 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करते हुए 1,584 नवजात बच्चियों के खातों में पहली किश्त के रूप में 39 लाख 60 हजार रुपये हस्तांतरित किए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन और नेतृत्व में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्मिकों के नियमित प्रयासों से जिले ने यह उपलब्धि हासिल की है। योजना के तहत अप्रैल और मई 2026 में कुल 1,584 बच्चियों के खातों में पहली किश्त का भुगतान किया जा चुका है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में सवाई माधोपुर ने प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है।

डॉ. जेमिनी ने बताया कि इस उपलब्धि में जिला कलक्टर द्वारा निर्धारित रणनीति तथा एएनएम और आशा सहयोगिनियों की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने प्रसूताओं के दस्तावेजों का समय पर संकलन और अद्यतन किया, जिससे भुगतान प्रक्रिया सुगम बनी और प्रोत्साहन राशि निर्धारित समय पर लाभार्थियों के खातों में अंतरित की जा सकी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक सवाई माधोपुर जिला 11 हजार 142 बच्चियों के खातों में पहली किश्त के रूप में 2 करोड़ 78 लाख 55 हजार रुपये का भुगतान कर प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा था।

लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाली बच्चियों को कुल डेढ़ लाख रुपये की वित्तीय सहायता सात किश्तों में प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत पहली और दूसरी किश्त के रूप में 2,500-2,500 रुपये का भुगतान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाता है। शेष किश्तों का भुगतान शिक्षा विभाग के माध्यम से किया जाता है। योजना का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करना, उनकी शिक्षा को बढ़ावा देना तथा प्रदेश में लिंगानुपात में सुधार लाना है।

सीएमएचओ ने बताया कि राज्य सरकार बेटी के जन्म से लेकर उसके स्नातक उत्तीर्ण करने तक सात किश्तों में डेढ़ लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करा रही है। साथ ही योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना का लाभ केवल उन बच्चियों को दिया जाता है, जिनके माता-पिता राजस्थान के निवासी हैं।

सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत प्रोत्साहन राशि के भुगतान में सवाई माधोपुर वर्तमान में प्रदेश में पहले स्थान पर है। इस उपलब्धि को लगातार बनाए रखने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है तथा त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। जिले की यह उपलब्धि बालिका संरक्षण, शिक्षा प्रोत्साहन और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार की योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story