सवाई माधोपुर, 18 नवम्बर। ग्रामीण आजीविका को नई दिशा देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से पंचायत समिति मलारना डूंगर में राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) द्वारा सोमवार को कृषि सखी एवं पशु सखी के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपखंड अधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में हुए इस प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में प्रतिभागी महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी ज्ञान, सरकारी योजनाओं की समझ और उद्यमिता क्षमताओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाना था।

प्रशिक्षण के दौरान विभागीय विशेषज्ञों ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि और पशुपालन विभाग से संबंधित प्रमुख योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। इनमें मनरेगा, राजीविका, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा, कृषि यंत्र अनुदान, जैविक खेती, कृत्रिम गर्भाधान, पशु बीमा एवं डेयरी विकास कार्यक्रम शामिल रहे। विशेषज्ञों ने महिलाओं को बताया कि इन योजनाओं के समुचित उपयोग से वे अपने परिवार की आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकती हैं।

उपखंड अधिकारी संदीप कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि एवं पशुपालन आधारित आजीविका को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान, फार्म पॉन्ड निर्माण और पशु बीमा से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश साझा किए और बताया कि इन पहलुओं को अपनाकर महिलाएं अपने क्षेत्र में सफल उद्यमी बन सकती हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने प्रशिक्षण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उनके व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि हुई है। राजीविका टीम और संबंधित विभागों के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण ग्राम स्तर पर महिलाओं की आजीविका उन्नति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

कार्यक्रम में पंचायत समिति विकास अधिकारी नरेंद्र मीणा, ब्लॉक प्रभारी राजीविका कमल कुमार, पशुपालन विभाग से डॉ. राकेश बैरवा, कृषि विभाग से रामकिशन गुर्जर, एलआरपी, एआरपी, एरिया कॉर्डिनेटर रामावतार माली सहित बड़ी संख्या में कृषि सखी एवं पशु सखी उपस्थित रहीं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story